एक्सक्लूसिव ख़बरें और डेटा, जो मार्केट प्रोफेशनल्स को रखते हैं सबसे आगे। Friday, September 25, 2026

पार्टनर देशों के प्रतिनिधियों से योगी की राउंड टेबल मीटिंग, निवेश का दिया न्योता

पार्टनर देशों के प्रतिनिधियों से योगी की राउंड टेबल मीटिंग, निवेश का दिया न्योता

ग्रेटर नोएडा, 25 सितंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को पार्टनर देशों के प्रतिनिधियों के साथ राउंड टेबल मीटिंग कर प्रदेश में निवेश और कारोबार की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

उन्होंने सिंगापुर, वियतनाम, रूस, बेलारूस, जापान और ऑस्ट्रिया के प्रतिनिधियों के साथ औद्योगिक क्षमता, निवेश के अवसर और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं को साझा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य होने के साथ बड़ा बाजार, युवा मानव संसाधन, उर्वरा भूमि और पर्याप्त जल संसाधनों वाला प्रदेश है। उन्होंने पार्टनर देशों की कंपनियों को मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग, डिफेंस, फार्मा, मेडिकल डिवाइस, कृषि, मशीनरी और वुड टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में निवेश के लिए आमंत्रित किया।

वियतनाम के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक में योगी ने यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण क्षेत्र में निवेश के लिए वियतनामी कंपनियों को आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट फंक्शनल करने में सफलता मिली है और शीघ्र ही यहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन शुरू होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने लखनऊ, वाराणसी और नोएडा से हनोई तथा वियतनाम के अन्य प्रमुख शहरों के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू करने का प्रस्ताव रखा।

उन्होंने कहा कि इससे दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। रूसी प्रतिनिधिमंडल के साथ चर्चा में मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में डिफेंस, फार्मा और मेडिकल डिवाइस क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं गिनाईं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भारत का डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर विकसित हो रहा है और रूस की कंपनियां पहले से यहां निवेश कर रही हैं। उन्होंने रूसी कंपनियों को कानपुर में डिफेंस इकाइयां स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया। लखनऊ नोड में ब्रह्मोस की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट और उत्तर प्रदेश में एके-203 राइफल के निर्माण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ये प्रदेश में उपलब्ध औद्योगिक अवसरों के उदाहरण हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नोएडा एयरपोर्ट के पास मेडिकल डिवाइस पार्क विकसित किया जा रहा है, जहां रूसी कंपनियां निवेश के साथ अपने अनुसंधान एवं विकास केंद्र स्थापित कर सकती हैं। बुंदेलखंड में विकसित किए जा रहे फार्मा पार्क और ललितपुर के बल्क ड्रग पार्क में भी निवेश की संभावनाएं हैं। योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत का फूड बास्केट है और यहां बड़ी मात्रा में उर्वरा भूमि तथा पर्याप्त जल संसाधन उपलब्ध हैं। उन्होंने रूसी कंपनियों के लिए कृषि आधारित उद्योग और फर्टिलाइजर सप्लाई चेन में सहयोग की संभावनाएं बताईं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश में एमएसएमई का बड़ा केंद्र है। प्रदेश में ऐसे प्लेटफॉर्म विकसित किए जा सकते हैं, जहां यूरेशियन इकोनॉमिक यूनियन से जुड़े देशों के साथ आर्थिक एवं व्यापारिक संवाद को आगे बढ़ाया जा सके।

बेलारूस के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक में मुख्यमंत्री ने एडवांस और हेवी मशीनरी कंपनियों को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने विशेष रूप से बेलारूस की ट्रैक्टर कंपनियों को प्रदेश में असेंबलिंग यूनिट स्थापित करने का प्रस्ताव दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की बड़ी आबादी, उर्वरा भूमि और पर्याप्त जल संसाधन कृषि एवं कृषि आधारित उद्योगों के लिए अनुकूल हैं। योगी ने बेलारूस के प्रतिनिधियों को उत्तर प्रदेश की वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) योजना की संभावनाओं से अवगत कराया।

उन्होंने कहा कि सहारनपुर और बिजनौर में लकड़ी एवं उससे जुड़े उत्पादों की प्रोसेसिंग का काम हो रहा है। बेलारूस की आधुनिक वुड टेक्नोलॉजी को इन क्लस्टर्स से जोड़कर स्थानीय उत्पादों की वैश्विक बाजार में पहुंच बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की करीब 56 प्रतिशत आबादी युवा है। प्रदेश सरकार युवाओं की शिक्षा, कौशल विकास और तकनीकी प्रशिक्षण पर लगातार काम कर रही है। बेलारूस की कंपनियां हेवी टेक्नोलॉजी से जुड़े तकनीकी संस्थान स्थापित कर युवाओं को आधुनिक तकनीक के अनुरूप प्रशिक्षित करने में सहयोग कर सकती हैं।

मुख्यमंत्री ने भारत में जापान के राजदूत ओनो केइची और जेईटीआरओ इंडिया के चीफ डायरेक्टर जनरल दाइसाकु युकिता के साथ भी संवाद किया। बैठक में उत्तर प्रदेश और जापान के बीच आर्थिक विकास, सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा निवेश प्रोत्साहन के क्षेत्र में सहयोग मजबूत करने पर चर्चा हुई। भारत और जापान की साझा बौद्ध विरासत के प्रतीक सारनाथ और नारा प्रीफेक्चर के बीच संबंधों को और गहरा करने के विषय पर भी विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के भारत में हाई कमिश्नर साइमन वोंग वी कुएन के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल और प्रमुख निवेशकों के साथ भी बैठक की।

प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश सरकार और इन्वेस्ट यूपी की ओर से उत्तर प्रदेश-सिंगापुर आर्थिक एवं निवेश संबंधों को मजबूत करने के प्रयासों की सराहना की। बैठक में प्रस्तावित सिंगापुर सिटी परियोजना की प्रगति पर चर्चा हुई। सिंगापुर सरकार ने परियोजना को आगे बढ़ाने तथा विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग मजबूत करने में रुचि व्यक्त की।

प्रदीप वार्ता

समाचार विवरण:

कुल शब्द:
770
टाइप:
टेक्स्ट
यूआरएल स्लग:
ट्रेड शो योगी बैठक
स्रोत:
UNI Varta
कैटेगरी
,
प्रकाशित तिथि
25/09/26 14:32
पिछला अपडेट
25/09/26 14:32
स्थान
India