लखनऊ, 09 अक्टूबर (वार्ता) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने शुक्रवार को पार्टी संस्थापक कांशीराम के महापरिनिर्वाण दिवस पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सुश्री मायावती ने 'एक्स' पर पोस्ट किये गये अपने संदेश में कहा कि देश में जाति के आधार पर सदियों से वंचित और पिछड़े रहे बहुजन समाज के करोड़ों दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों तथा अन्य कमजोर वर्गों को उनके वोट की ताकत के माध्यम से सत्ता की 'मास्टर चाबी' दिलाने में कांशीराम की अहम भूमिका रही।
उन्होंने कहा कि कांशीराम ने बहुजन समाज को शोषित से शासक वर्ग बनाने और भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के आत्मसम्मान एवं स्वाभिमान के रुके और बिखरे कारवां को आगे बढ़ाकर मंजिल तक पहुंचाने का प्रयास किया। बसपा सुप्रीमो ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी के जन्मदाता एवं संस्थापक मान्यवर कांशीराम को उनके महापरिनिर्वाण दिवस पर पूरे बसपा परिवार की ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि और अपार श्रद्धा-सुमन अर्पित किए जाते हैं।
राय प्रदीप वार्ता