एक्सक्लूसिव ख़बरें और डेटा, जो मार्केट प्रोफेशनल्स को रखते हैं सबसे आगे। Wednesday, October 7, 2026

मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर गंगा आरती, दीर्घायु की कामना

मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर गंगा आरती, दीर्घायु की कामना

वाराणसी, 07 अक्टूबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत बुधवार को सामने घाट पर मां गंगा की आरती की गई और उनके अच्छे स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की गई।

नमामि गंगे की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मां गंगा का दूध से अभिषेक कर विशेष प्रार्थना की गई। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा, राष्ट्र कल्याण और शासन से जुड़े कार्यों के लिए बाबा श्री काशी विश्वनाथ और मां गंगा से आशीर्वाद मांगा गया। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रध्वज तिरंगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर लेकर मंत्रोच्चार के बीच उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों का स्मरण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान गंगा तट की सफाई भी की गई और लोगों से प्रधानमंत्री के 'स्वच्छता को संस्कार में शामिल करने' के आह्वान से जुड़ने की अपील की गई। राजेश शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की यात्रा सुशासन, विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा और जनकल्याण से जुड़ी रही है। उन्होंने कहा कि इस अवधि में आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जनधन योजना, डिजिटल भुगतान, स्वच्छ भारत मिशन, अनुच्छेद 370 से संबंधित संवैधानिक बदलाव, तीन तलाक पर कानून, वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी), राष्ट्रीय सुरक्षा तथा आतंकवाद के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसे कदम प्रमुख रहे हैं।

इसके अलावा अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा, काशी विश्वनाथ धाम का पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत, वैश्विक दक्षिण की आवाज के रूप में भारत की भूमिका तथा देश की कूटनीतिक और आर्थिक स्थिति को मजबूत करने को भी उन्होंने इस अवधि की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया।

सं प्रदीप वार्ता

समाचार विवरण:

कुल शब्द:
309
टाइप:
टेक्स्ट
यूआरएल स्लग:
मोदी गंगा आरती
स्रोत:
UNI Varta
कैटेगरी
,
प्रकाशित तिथि
07/10/26 05:23
पिछला अपडेट
07/10/26 05:23
स्थान
India