Tuesday, Aug 11 2026 | Time 19:23 Hrs(IST)
बिजनेस


एयर इंडिया के नये सीईओ होंगे तेवोल्दे गेब्रेमारियम

नयी दिल्ली, 05 अगस्त (वार्ता) टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया ने बुधवार को इथियोपियन एयरलाइंस के पूर्व प्रमुख तेवोल्दे गेब्रेमारियम को अपना अगला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक (एमडी) नियुक्त करने की घोषणा की।
एयर इंडिया के निदेशक मंडल ने श्री गेब्रेमारियम के नाम पर मुहर लगायी है। वह कैंपबेल विल्सन का स्थान लेंगे, जिन्होंने इस साल अप्रैल में इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने नये सीईओ की नियुक्ति तक पद पर बने रहने की प्रतिबद्धता व्यक्त की थी।
एयरलाइंस की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि निदेशक मंडल ने एयर इंडिया के अगले प्रमुख का चयन करने के लिए एक व्यापक खोज प्रक्रिया अपनायी, जिसकी निगरानी बोर्ड की एक विशेष समिति ने की। समिति ने कंपनी के आंतरिक उम्मीदवारों के साथ-साथ दुनिया भर के अत्यंत अनुभवी और योग्य बाहरी उम्मीदवारों का भी गहन मूल्यांकन किया।
एयर इंडिया ने कहा है कि नये सीईओ के कार्यभार ग्रहण करने की ‘सटीक समय-सीमा और नेतृत्व परिवर्तन की विस्तृत योजना की जानकारी उचित समय पर’ साझा की जायेगी।
श्री गेब्रेमारियम को विमानन उद्योग के सबसे सफल मुख्य कार्यकारी अधिकारियों में गिना जाता है। इथियोपियन एयरलाइंस ग्रुप के सीईओ के रूप में एक दशक से अधिक के अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने एक क्षेत्रीय एयरलाइन को अफ्रीका के सबसे बड़े, सबसे लाभदायक और सबसे सम्मानित एयरलाइन समूह में बदल दिया। उनके नेतृत्व में कंपनी का राजस्व चार गुना से अधिक तथा विमान बेड़ा लगभग तीन गुना बढ़ा।
वह डेल्टा एयरलाइंस के वरिष्ठ रणनीतिक सलाहकार के रूप में भी काम कर चुके हैं। एयर इंडिया ने बताया कि उनकी विशेषज्ञता जटिल परिचालन व्यवस्थाओं के प्रबंधन, संगठनात्मक संस्कृति में बदलाव, प्रतिस्पर्धी वैश्विक हब विकसित करने तथा विश्व-स्तरीय एमआरओ (मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल) और विमानन प्रशिक्षण अवसंरचना तैयार करने में है।
टाटा संस और एयर इंडिया के अध्यक्ष एन. चंद्रशेखरन ने कहा, “ बोर्ड की ओर से मैं तेवोल्दे का एयर इंडिया में हार्दिक स्वागत करता हूं। कैंपबेल के नेतृत्व में कंपनी ने स्थिरता, एकीकरण और बेड़े से जुड़े महत्वपूर्ण प्रारंभिक चरण सफलतापूर्वक पूरे किये हैं। अब एयर इंडिया क्रियान्वयन और विस्तार के एक महत्वपूर्ण दौर में प्रवेश कर रही है। दुनिया के सबसे कुशल और लाभदायक एयरलाइन समूहों में से एक का निर्माण करने का उनका अनुभव उन्हें एयर इंडिया का नेतृत्व करने के लिए सर्वश्रेष्ठ बनाता है। उनकी परिचालन विशेषज्ञता, सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता और वैश्विक हब विकसित करने की दूरदृष्टि एयर इंडिया को विश्व की अग्रणी एयरलाइन और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी। ”
श्री गेब्रेमारियम ने अपनी नियुक्ति पर कहा, “ एयर इंडिया की ऐतिहासिक यात्रा के इस महत्वपूर्ण क्षण में उसका नेतृत्व करने का अवसर मिलना मेरे लिए अत्यंत सम्मान की बात है। एयर इंडिया की विरासत अत्यंत समृद्ध है और भारत की असाधारण आर्थिक क्षमता को प्रतिबिंबित करने वाली विश्व-स्तरीय वैश्विक एयरलाइन के निर्माण का अवसर बेहद रोमांचक है। मैं अध्यक्ष चंद्रशेखरन, निदेशक मंडल, हमारे कर्मचारियों तथा सरकार और उद्योग जगत के सभी साझेदारों के साथ मिलकर उत्कृष्ट परिचालन विश्वसनीयता, भारतीय आतिथ्य और दीर्घकालिक सतत विकास सुनिश्चित करने के लिए कार्य करने को उत्सुक हूं। ”
निदेशक मंडल ने एयर इंडिया के पुनरोद्धार के पिछले चरण में उनके नेतृत्व के लिए कैंपबेल विल्सन का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने जटिल विलय और एकीकरण प्रक्रियाओं का सफल नेतृत्व किया, बड़े पैमाने पर बेड़े के आधुनिकीकरण कार्यक्रम शुरू किये, नये कॉर्पोरेट गवर्नेंस मानक स्थापित किये और भविष्य के विकास की मजबूत नींव रखी।
अजीत.श्रवण
वार्ता
More News

कच्चे तेल में तेजी से 388 अंक टूटा सेंसेक्स

11 Aug 2026 | 6:40 PM

मुंबई, 11 अगस्त (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में नरमी से मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट रही और प्रमुख सूचकांक आधा फीसदी के करीब टूट गये। .

see more..

डीजीएफटी ने गेहूं निर्यातकों से 31 अगस्त तक मांगा ब्योरा, कोटा समीक्षा के निर्देश

11 Aug 2026 | 6:19 PM

नयी दिल्ली,11 अगस्त (वार्ता) विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी)ने गेहूं के सभी निर्यातकों से 31 अगस्त 2026 तक उपयोग प्रमाणपत्र सहित शिपिंग बिल का विवरण और अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करने को कहा है। .

see more..

वेदांता एल्युमिनियम ने अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के लिए 'मेटल बाजार एक्सपोर्ट्स' पेश किया

11 Aug 2026 | 6:10 PM

नयी दिल्ली, 11 अगस्त (वार्ता) वेदांता एल्युमिनियम मेटल लिमिटेड ने मंगलवार को अपने प्रमुख डिजिटल ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म वेदांता मेटल बाजार (वीएमबी) के अंतरराष्ट्रीय बाजार में विस्तार की घोषणा की। .

see more..

इंडो-अमेरिकन चैंबर ने कशिश त्यागी को उप महासचिव नियुक्त किया

11 Aug 2026 | 5:43 PM

नयी दिल्ली, 11 अगस्त (वार्ता) इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स (आईएसीसी) ने कशिश त्यागी को उप महासचिव नियुक्त किया है। .

see more..

एयर इंडिया सैट्स ने कॉनकोर एयर के साथ कार्गो की आवाजाही तेज करने के लिए किया करार

11 Aug 2026 | 5:30 PM

नयी दिल्ली, 11 अगस्त (वार्ता) एयर इंडिया सैट्स एयरपोर्ट सर्विसेज (एआईसैट्स) ने कॉनकोर के दादरी स्थित इनलैंड कंटेनर डिपो (आईसीडी) से कार्गो की आवाजाही को और गति प्रदान करने के लिए कॉनकोर एयर लिमिटेड के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया है।.

see more..