Monday, Sep 7 2026 | Time 03:00 Hrs(IST)
भारत


भारत का बेल्जियम को आश्वासन,मेहुल चोकसी को जेल में मिलेंगी सभी जरूरी सुविधाएं

नयी दिल्ली 08 सितम्बर (वार्ता) पंजाब नेशनल बैंक में 13 हजार करोड़ रूपये से अधिक की धोखाधड़ी से जुड़े मामले में वांछित भगोड़े आरोपी मेहुल चोकसी के भारत प्रत्यर्पण की कवायद के बीच गृह मंत्रालय ने उसके साथ जेल में मानवीय व्यवहार का आश्वासन दिया है और बेल्जियम सरकार को जेल की व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए इस संबंध में व्यक्त की गयी सभी चिंताओं का जवाब दिया है। हीरा कारोबारी मेहुल चौकसी सात वर्ष पहले देश से फरार हो गया था लेकिन इससे एक वर्ष पहले ही उसने 2017 में ही एंटीगुआ-बारबूडा की नागरिकता ले ली थी। चोकसी खराब सेहत का हवाला देकर भारत में पेशी पर आने से इनकार करता रहा है। मामले की सुनवाई के दौरान उसकी कभी-कभार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ही पेशी हो सकी है। इस मामले में सरकार ने उसकी कई संपत्तियां भी जब्त की हैं।
चोकसी को भारतीय जांच एजेंसियों के प्रत्यर्पण की अपील पर 12 अप्रैल को बेल्जियम में गिरफ्तार किया गया था। चोकसी के साथ उनका भतीजा नीरव मोदी भी इस मामले में आरोपी हैं।
सूत्रों के अनुसार गृह मंत्रालय ने बेल्जियम के न्याय मंत्रालय को पत्र लिखकर आश्वासन दिया है कि यदि मेहुअल चोकसी का भारत प्रत्यर्पण किया जाता है तो उसे मुंबई की आर्थर रोड़ जेल में रखे जाने की योजना है। इस जेल में उसके साथ मानवीय व्यवहार किया जायेगा और वहां सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेंगी। गृह मंत्रालय की ओर से यह भी आश्वासन दिया गया है कि चोकसी को कानूनी सहायता भी दी जायेगी। पत्र में बताया गया है कि चोकसी को मुंबई की आर्थर रोड जेल की बैरक नंबर 12 में रखा जाएगा। इस बैरक में छह लोगों के रहने की क्षमता है और सोने के लिए साफ, कॉटन की मोटी चटाई (गद्दा), तकिया, चादर और कंबल शामिल हैं। उसे पीने का साफ पानी और मेडिकल सुविधाएं भी दी जायेंगी। जरूरत पड़ने पर डॉक्टरों की सलाह अथवा न्यायालय के आदेश पर उसे लकड़ी का बेड भी उपलब्ध कराया जा सकता है।
चोकसी के वकील ने इस मामले को राजनीति से प्रेरित बताते हुए और चोकसी के खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए उनके प्रत्यर्पण का विरोध कियी है।
चोकसी की पत्नी बेल्जियम की नागरिक हैं और उसने अपनी पत्नी की मदद से 15 नवंबर 2023 को बेल्जियम का ‘एफ रेजिडेंसी कार्ड’ ले लिया था। रिपोर्टों में कहा गया है कि यह कार्ड फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लिया गया था। उसने अपनी भारतीय और एंटीगुआ की नागरिकता के बारे में भी बेल्जियम के अधिकारियों से जानकारी साझा नहीं की थी।
चोकसी मई 2021 में एंटीगुआ से पड़ोसी देश डोमिनिका पहुंच गया था। वहां उसकी गिरफ्तारी की खबर मिलते ही केन्द्रीय जांच ब्यूरो की टीम उसके प्रत्यर्पण के लिए डोमिनिका पहुंच गयी लेकिन इसके पहले ही उसे एक बार फिर एंटीगुआ के हवाले कर दिया गया। डोमिनिका की जेल में चोकसी ने अनुरोध किया कि वह एंटीगुआ जाकर एक न्यूरोलॉजिस्ट से उपचार कराना चाहता है। एंटीगुआ पहुंचने के कुछ दिन बाद डोमिनिका की अदालत ने चोकसी के खिलाफ दर्ज मामले खारिज कर दिए।
संजीव
वार्ता
More News

सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना के बाद शिक्षक फ्रंट ने छात्रावासों के ऑडिट की मांग की

06 Sep 2026 | 10:52 PM

नयी दिल्ली, 06 सितंबर (वार्ता) राष्ट्रीय लोकतांत्रिक शिक्षक फ्रंट (एनडीटीएफ) ने राष्ट्रीय राजधानी के सत्य निकेतन में छात्रावास के रूप में इस्तेमाल हो रही एक निजी इमारत के ढहने पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि घटना की समय-बद्ध तरीके से जांच होनी चाहिए और दिल्ली विश्वविद्यालय परिसरों के इर्द-गिर्द मौजूद निजी छात्रावासों और किराये पर उठाये जाने वाले मकानों का विस्तृत सुरक्षा ऑडिट होना चाहिये। .

see more..

इसरो का निजीकरण नहीं होगा, उन्नत अंतरिक्ष मिशनों पर रहेगा मुख्य फोकस

06 Sep 2026 | 9:39 PM

नयी दिल्ली, 06 सितंबर (वार्ता) भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने मीडिया में उसके निजीकरण या अंतरिक्ष क्षेत्र में उसकी भूमिका घटाने से जुड़ी खबरों को पूरी तरह से गलत बताया है। .

see more..

मोदी और अमित शाह ने दिल्ली में इमारत ढहने की घटना में तीन लोगों की मौत पर शोक जताया

06 Sep 2026 | 8:55 PM

नयी दिल्ली, 06 सितंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर को एक पांच मंजिला भवन के ढ़हने की घटना में तीन लोगों की मौत पर दुख जताया है। .

see more..

सत्य निकेतन हादसे पर खरगे, राहुल, प्रियंका ने जतायी गहरी चिंता

06 Sep 2026 | 8:34 PM

नयी दिल्ली, 06 सितंबर (वार्ता) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत ढहने की घटना पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने गहरी चिंता जताते हुए राहत एवं बचाव कार्य तेज करने की अपील की है। हादसे में दिल्ली विश्वविद्यालय के कई छात्रों समेत कई अन्य लोगों के मलबे में फंसे होने की खबर है और घटनास्थल पर राहत बचाव कर लगातार किए जा रहे हैं।.

see more..

दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला पीजी भवन ढहने से तीन की मौत, कई घायल

06 Sep 2026 | 8:18 PM

नयी दिल्ली, 06 सितंबर (वार्ता) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन में रविवार दोपहर पांच मंजिला इमारत ढहने से तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।.

see more..