Monday, Sep 7 2026 | Time 14:03 Hrs(IST)
भारत


एसईसीआई टेंडर में फर्जी बैंक गारंटी घोटाला : रिलायंस पावर के सीएफओ अशोक कुमार पाल को ईडी ने किया गिरफ्तार

नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रिलायंस पावर लिमिटेड (आरपीएल) के मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) अशोक कुमार पाल को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी का यह मामला 68 करोड़ रुपये से अधिक की फर्जी बैंक गारंटी और फर्जी इनवॉइसिंग से जुड़ा है, जो सार्वजनिक क्षेत्र की इकाई एसईसीआई (सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया) को धोखा देने से संबंधित है।
सूत्रों के अनुसार, ईडी ने शुक्रवार रात दिल्ली में कई घंटे की पूछताछ के बाद अशोक कुमार पाल को हिरासत में लिया। एजेंसी ने उन्हें धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत गिरफ्तार किया है। शनिवार को उन्हें विशेष न्यायालय में पेश किए जाने की संभावना है, जहां ईडी उनकी रिमांड की मांग कर सकती है।
ईडी के अनुसार, रिलायंस पावर लिमिटेड जो एक सूचीबद्ध कंपनी है और जिसमें 75 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी सार्वजनिक निवेशकों की है ने एसईसीआई की बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (बीईएसएस) टेंडर प्रक्रिया में अपनी वित्तीय क्षमता का उपयोग करते हुए फर्जी बैंक गारंटी जमा की थी।
कंपनी के बोर्ड प्रस्ताव के तहत अशोक कुमार पाल को टेंडर से जुड़े सभी दस्तावेजों को अंतिम रूप देने, स्वीकृत करने और हस्ताक्षर करने का अधिकार दिया गया था। इसी दौरान उन्होंने और उनके सहयोगियों ने फर्स्ट रैंड बैंक, मनीला (फिलीपींस) के नाम से फर्जी बैंक गारंटी एसईसीआई को सौंपी। जांच में यह तथ्य सामने आया कि फर्स्ट रैंड बैंक की फिलीपींस में कोई शाखा है ही नहीं।
जांच एजेंसी का कहना है कि इस फर्जीवाड़े में बिस्वाल ट्रेडलिंक प्राइवेट लिमिटेड (बीटीपीएल) नामक एक छोटी कंपनी की मदद ली गई, जो एक आवासीय पते से संचालित होती है और जिसका कोई बैंक गारंटी रिकॉर्ड नहीं है। बीटीपीएल के निदेशक पार्थ सारथी बिस्वाल पहले से ही न्यायिक हिरासत में हैं।
ईडी की जांच में यह भी पाया गया है कि अशोक कुमार पाल ने कंपनी के फंड्स का दुरुपयोग करते हुए करोड़ों रुपये के फर्जी परिवहन बिलों को मंजूरी दी। उन्होंने टेलीग्राम और व्हाट्सएप जैसे माध्यमों के जरिए दस्तावेजों को स्वीकृत किया, जिससे नियमित एसएपी या वेंडर मास्टर प्रणाली को दरकिनार किया गया।
इस घोटाले का एक अहम पहलू यह भी है कि फर्जी बैंक गारंटी गिरोह ने कई नकली बैंक डोमेन का इस्तेमाल किया था। इन डोमेनों को असली बैंकों की ईमेल आईडी की नकल करते हुए बनाया गया था ताकि फर्जी गारंटी पत्रों को असली दिखाया जा सके।
ईडी का कहना है कि यह घोटाला न केवल एक सार्वजनिक क्षेत्र की इकाई एसईसीआई को धोखा देने का मामला है, बल्कि इससे सार्वजनिक निवेशकों के हितों को भी गंभीर नुकसान हुआ है। एजेंसी के अधिकारियों ने संकेत दिया है कि आगे की जांच में रिलायंस पावर समूह के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है।
रिलायंस पावर ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा था कि यह “धोखाधड़ी और जालसाजी” का मामला है, और कंपनी ने इस संबंध में स्टॉक एक्सचेंजों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध करा दी है।
ठाकुर सैनी
वार्ता
More News

आप ने सत्य निकेतन हादसे पर मोदी पर साधा निशाना

07 Sep 2026 | 1:33 PM

नयी दिल्ली, 07 सितंबर (वार्ता) दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा कि छात्र इमारत के मलबे में जान गंवा रहे हैं जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विदेश में एक मंदिर के उद्घाटन का जश्न मनाने में व्यस्त हैं।.

see more..

11वां आयुर्वेद दिवस नागपुर में 23 सितंबर को मनाया जाएगा

07 Sep 2026 | 1:29 PM

नयी दिल्ली, 07 सितंबर (वार्ता) केन्द्रीय आयुष मंत्रालय के तत्वावधान में 11वां आयुर्वेद दिवस नागपुर में 23 सितंबर को मनाया जा रहा है। इस वर्ष राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस की थीम 'स्वस्थ्य भविष्य के लिए आयुर्वेद' है।.

see more..

एयर इंडिया के नये सीईओ गेब्रेमरियम ने संभाला कार्यभार, चंद्रशेखरन ने सुरक्षा पर फोकस को बताया अहम

07 Sep 2026 | 1:15 PM

नयी दिल्ली, 07 सितंबर (वार्ता) टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया के नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी (सीईओ) अधिकारी तेवोल्दे गेब्रेमरियम ने सोमवार को कार्यभार संभाल लिया।.

see more..

गुजरात और महाराष्ट्र जाएंगे कल मोदी, 35,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात देंगे

07 Sep 2026 | 12:39 PM

नयी दिल्ली, 07 सितंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को गुजरात और महाराष्ट्र की यात्रा पर जाएंगे और वडोदरा में 35 हज़ार करोड रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पण करेंगे।.

see more..