Monday, May 18 2026 | Time 15:19 Hrs(IST)
भारत


रेकी के बाद सुनियोजित तरीके से की गयी चंद्रनाथ रथ की हत्याः अधिकारी

रेकी के बाद सुनियोजित तरीके से की गयी चंद्रनाथ रथ की हत्याः अधिकारी

कोलकाता, 07 मई (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सुवेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया है कि उनके करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की कई दिनों तक निगरानी रखने के बाद एक सुनियोजित हमले में बेरहमी से हत्या कर दी गयी।




श्री अधिकारी ने बुधवार रात मध्यमग्राम के एक अस्पताल के बाहर केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार के साथ यह आरोप लगाया। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "मैं अभी कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता, लेकिन मेरा मानना है कि इस हत्या के पीछे कुछ राजनीतिक कारण हो सकते हैं। पुलिस अपनी जांच कर रही है और मुझे उन पर पूरा भरोसा है।"


 


उन्होंने कहा, “मैंने पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक सिद्धनाथ गुप्ता से बात की है और सीसीटीवी फुटेज की जाँच के बाद कुछ अहम सुराग मिले हैं। हमें उम्मीद है कि हत्यारे जल्द ही गिरफ्तार कर लिए जाएँगे।”


 


श्री अधिकारी ने कहा कि उनकी पार्टी ने निष्पक्ष जाँच के लिए जान-बूझकर पुलिस से फुटेज का ब्योरा नहीं माँगा है। उन्होंने कहा, “हम पुलिस की जाँच पर भरोसा कर रहे हैं। हमें भरोसा दिलाया गया है कि दोषी जल्द ही गिरफ्तार कर लिए जाएँगे।”


 


उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की कि वे कानून अपने हाथ में न लें और शांति बनाए रखें। राज्य में राजनीतिक हिंसा का माहौल लगातार बने रहने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेता ने कहा, “पिछले 15 सालों से राज्य में बदले की राजनीति चल रही है। बुधवार को ही खरदह में भाजपा कार्यकर्ताओं पर बमों से, बारानगर में चाकुओं से और बशीरहाट में गोलीबारी की घटनाओं में हमले किए गए।”


 


गौरतलब है कि श्री अधिकारी के करीबी माने जाने वाले चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात मध्यमग्राम के दोहरिया में गोली मारकर हत्या कर दी गयी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कुछ अज्ञात हमलावर मोटरसाइकिलों पर आए और रथ को ले जा रहे वाहन पर गोलीबारी कर दी।


 


हमले की खबर मिलने के कुछ ही देर बाद आधी रात के बाद श्री अधिकारी अस्पताल पहुँचे। राज्य इकाई के भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी अस्पताल गए।


 


श्री गुप्ता बाद में घटनास्थल पर पहुँचे और पत्रकारों से बात करने से पहले नेताओं से मिले। उन्होंने कहा, “जाँच पहले ही शुरू हो चुकी है। अपराध में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई एक चार-पहिया गाड़ी ज़ब्त कर ली गई है। पंजीकरण संख्या के अनुसार, गाड़ी सिलीगुड़ी की लग रही है, हालाँकि हमें शक है कि नंबर प्लेट नकली हो सकती है।”


 


उन्होंने कहा, “कुछ गोलियाँ और इस्तेमाल किए गए कारतूस भी बरामद किए गए हैं। जाँच के बारे में मैं इस समय और ज़्यादा जानकारी नहीं दे सकता।”


 


पुलिस सूत्रों ने बताया कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज की अभी जाँच की जा रही है और पहली प्राथमिकता हत्या में शामिल लोगों की पहचान करके उन्हें गिरफ्तार करना है।


 


संतोष

वार्ता

More News

मोदी ने वीडी सतीशन को केरल के मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी

18 May 2026 | 2:42 PM

नयी दिल्ली, 18 मई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेता वी.डी. सतीशन को केरल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी और नयी राज्य सरकार को केंद्र की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।.

see more..

मोदी ने मुख्यमंत्री बनने पर सतीशन को दी बधाई

18 May 2026 | 2:30 PM

नयी दिल्ली, 18 मई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेता वी.डी. सतीशन को केरल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी और नयी राज्य सरकार को केंद्र की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। .

see more..

पेपर लीक पर सुरजेवाला का केन्द्र सरकार पर आरोप, बोले- युवाओं के भविष्य से किया खिलवाड़

18 May 2026 | 2:29 PM

नयी दिल्ली, 18 मई (वार्ता) कांग्रेस महासचिव और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने नीट 2026 पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए कहा है कि देश का परीक्षा तंत्र पूरी तरह से शिक्षा माफिया के सामने समर्पण कर चुका है और मेधावी छात्रों के भविष्य की "सरेआम नीलामी" हो रही है।.

see more..

मोदी ने लखीमपुर खीरी दुर्घटना पर किया शोक व्यक्त, मुआवज़े की घोषणा

18 May 2026 | 2:18 PM

नयी दिल्ली, 18 मई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुए सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।.

see more..

प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा को जन्मदिन की बधाई दी

18 May 2026 | 1:32 PM

नयी दिल्ली, 18 मई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को पूर्व प्रधानमंत्री और जनता दल (सेक्युलर) के संरक्षक एचडी देवेगौड़ा को जन्मदिन की बधाई देते हुए वंचितों के लिए उनकी सेवा और प्रतिबद्धता की सराहना की।.

see more..