Tuesday, Aug 11 2026 | Time 20:54 Hrs(IST)
राज्य » मध्य प्रदेश / छत्तीसगढ़


चोरी के संदेह में तीन युवकों की पिटाई, गले में तार डालकर निकाला जुलूस; वायरल वीडियो की दो पहलुओं से जांच

छिंदवाड़ा, 06 अगस्त (वार्ता) मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के इकलहरा स्थित वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) क्षेत्र में चोरी के संदेह में तीन युवकों के साथ मारपीट कर उनके गले में तार डालकर जुलूस निकालने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की दोहरी जांच शुरू कर दी है। पुलिस एक ओर युवकों पर लगे चोरी के आरोपों की जांच कर रही है, वहीं दूसरी ओर कानून हाथ में लेकर मारपीट और सार्वजनिक रूप से अपमानित करने वाले लोगों की पहचान भी की जा रही है।
चांदामेटा थाना प्रभारी खेलचंद पटले ने बताया कि घटना दो दिन पुरानी है और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार स्थानीय लोगों ने तीन युवकों को कथित तौर पर बिजली के तार चोरी करने के संदेह में पकड़ लिया। इसके बाद भीड़ ने तीनों के साथ मारपीट की और उनके गले में तार डालकर पूरे क्षेत्र में घुमाया। इस दौरान मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वायरल वीडियो में कुछ लोग एक युवक की चप्पलों, लात-घूंसों से पिटाई करते तथा दूसरे युवक को थप्पड़ मारते दिखाई दे रहे हैं। भीड़ युवकों को घेरकर चलते हुए नजर आ रही है। घटनास्थल पर सुरक्षा गार्ड सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी हस्तक्षेप नहीं किया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को अपने संरक्षण में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि तीनों युवक वास्तव में तार चोरी की घटना में शामिल थे या नहीं। साथ ही क्षेत्र में पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं से उनका कोई संबंध है अथवा नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति पर चोरी का संदेह था तो इसकी सूचना पुलिस को दी जानी चाहिए थी। किसी व्यक्ति के साथ मारपीट करना, उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित करना अथवा जुलूस निकालना कानूनन अपराध है। इसलिए वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद दोनों पक्षों की भूमिका के अनुसार अलग-अलग कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सं.दिनेश
वार्ता
More News

जगदलपुर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, ‘हर घर तिरंगा’ का दिया संदेश

11 Aug 2026 | 7:48 PM

जगदलपुर, 11 अगस्त (वार्ता) छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में मंगलवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, स्कूली विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।.

see more..

बस्तर में मलेरिया के मामलों में 10 साल में 83 प्रतिशत की कमी आयी

11 Aug 2026 | 7:46 PM

रायपुर, 11 अगस्त (वार्ता) छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में मलेरिया के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का असर अब धरातल पर दिखाई देने लगा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पिछले 10 वर्षों में संभाग में मलेरिया के मामलों में करीब 83 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। बीमारी की रोकथाम के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के व्यवहार में बदलाव को भी अभियान का प्रमुख हिस्सा बनाया गया है।.

see more..

मंत्रि-परिषद बैठक में भोपाल-विदिशा मार्ग समेत विकास योजनाओं के लिए 47,990 करोड़ रुपये की मंजूरी

11 Aug 2026 | 7:29 PM

भोपाल, 11 अगस्त (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय में हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में प्रदेश के बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, कृषि, महिला सशक्तिकरण, वन प्रबंधन और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए कुल 47 हजार 990 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। इसमें भोपाल-विदिशा मार्ग को चार लेन करने, भोपाल बायपास को छह लेन बनाने की दिशा में कदम उठाने, स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन, कृषि विश्वविद्यालय और सोयाबीन अनुसंधान के लिए महत्वपूर्ण निर्णय शामिल हैं।.

see more..

ग्वालियर में विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान

11 Aug 2026 | 7:24 PM

ग्वालियर, 11 अगस्त (वार्ता) मध्यप्रदेश के ग्वालियर में मुरार थाना क्षेत्र के घोसीपुरा में सोमवार शाम एक विवाहिता ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।.

see more..

ग्वालियर में वृद्ध दंपति के खातों से 7.02 लाख रुपये की साइबर ठगी

11 Aug 2026 | 7:22 PM

ग्वालियर, 11 अगस्त (वार्ता) मध्यप्रदेश में ग्वालियर जिले के डबरा थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक वृद्ध दंपति के बैंक खातों से कई बार में 7.02 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।.

see more..