Tuesday, Aug 11 2026 | Time 20:35 Hrs(IST)
राज्य » मध्य प्रदेश / छत्तीसगढ़


मुलताई नगर पालिका में महत्वपूर्ण फाइल गायब, निरीक्षण के दौरान विधायक ने जताई नाराजगी

बैतूल, 06 अगस्त (वार्ता) मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की मुलताई नगर पालिका में जर्जर दुकानों से संबंधित महत्वपूर्ण फाइल नहीं मिलने का मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। नगर पालिका कार्यालय के निरीक्षण के दौरान विधायक चंद्रशेखर देशमुख ने फाइल उपलब्ध नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए अभिलेखों के रखरखाव पर चिंता व्यक्त की है।
जानकारी के अनुसार विधायक श्री देशमुख बुधवार को नगर पालिका कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कर्मचारियों के वेतन भुगतान, नगर पालिका की दुकानों की स्थिति तथा अन्य प्रशासनिक विषयों की समीक्षा की। इस दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) वीरेंद्र तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष नीतू प्रह्लाद परमार सहित अजय यादव, महेंद्र जैन, रितेश विश्वकर्मा और सुरेश पोनिकर मौजूद थे।
बैठक के दौरान नगर पालिका की जर्जर दुकानों के पुनर्निर्माण का विषय सामने आया। विधायक ने प्रस्तावित निर्माण स्थल और उससे संबंधित अभिलेखों की जानकारी मांगी। इस पर नगर पालिका अध्यक्ष नीतू प्रह्लाद परमार ने बताया कि पुराने बैरियर नाके पर स्थित नगर पालिका की दुकानें अत्यंत जर्जर हो चुकी हैं और उन्हें हटाकर नई दुकानों के निर्माण की योजना बनाई गई है।
इसके बाद विधायक ने संबंधित फाइल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। सीएमओ वीरेंद्र तिवारी ने कर्मचारी को फाइल लाने के लिए कहा, लेकिन काफी तलाश के बाद भी फाइल कार्यालय में नहीं मिल सकी। कर्मचारियों ने एक-दूसरे से जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन फाइल का कोई पता नहीं चल सका।
महत्वपूर्ण फाइल नहीं मिलने पर विधायक श्री देशमुख ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि शासकीय कार्यालयों में महत्वपूर्ण अभिलेखों का सुरक्षित एवं व्यवस्थित संधारण होना आवश्यक है। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती परमार ने भी इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि जर्जर दुकानों से संबंधित फाइल का गायब होना चिंता का विषय है।
सीएमओ वीरेंद्र तिवारी ने भी फाइल नहीं मिलने पर कर्मचारियों के प्रति नाराजगी जताई और संबंधित अभिलेखों की तलाश कराने के साथ पूरे मामले की जांच कराने की बात कही। घटना के बाद नगर पालिका कार्यालय की कार्यप्रणाली और अभिलेख प्रबंधन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। विभागीय स्तर पर फाइल की तलाश और मामले की जांच जारी है।
सं.दिनेश
वार्ता
More News

जगदलपुर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, ‘हर घर तिरंगा’ का दिया संदेश

11 Aug 2026 | 7:48 PM

जगदलपुर, 11 अगस्त (वार्ता) छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में मंगलवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, स्कूली विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।.

see more..

बस्तर में मलेरिया के मामलों में 10 साल में 83 प्रतिशत की कमी आयी

11 Aug 2026 | 7:46 PM

रायपुर, 11 अगस्त (वार्ता) छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में मलेरिया के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का असर अब धरातल पर दिखाई देने लगा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पिछले 10 वर्षों में संभाग में मलेरिया के मामलों में करीब 83 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। बीमारी की रोकथाम के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के व्यवहार में बदलाव को भी अभियान का प्रमुख हिस्सा बनाया गया है।.

see more..

मंत्रि-परिषद बैठक में भोपाल-विदिशा मार्ग समेत विकास योजनाओं के लिए 47,990 करोड़ रुपये की मंजूरी

11 Aug 2026 | 7:29 PM

भोपाल, 11 अगस्त (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय में हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में प्रदेश के बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, कृषि, महिला सशक्तिकरण, वन प्रबंधन और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए कुल 47 हजार 990 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। इसमें भोपाल-विदिशा मार्ग को चार लेन करने, भोपाल बायपास को छह लेन बनाने की दिशा में कदम उठाने, स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन, कृषि विश्वविद्यालय और सोयाबीन अनुसंधान के लिए महत्वपूर्ण निर्णय शामिल हैं।.

see more..

ग्वालियर में विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान

11 Aug 2026 | 7:24 PM

ग्वालियर, 11 अगस्त (वार्ता) मध्यप्रदेश के ग्वालियर में मुरार थाना क्षेत्र के घोसीपुरा में सोमवार शाम एक विवाहिता ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।.

see more..

ग्वालियर में वृद्ध दंपति के खातों से 7.02 लाख रुपये की साइबर ठगी

11 Aug 2026 | 7:22 PM

ग्वालियर, 11 अगस्त (वार्ता) मध्यप्रदेश में ग्वालियर जिले के डबरा थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक वृद्ध दंपति के बैंक खातों से कई बार में 7.02 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।.

see more..