Wednesday, Jan 21 2026 | Time 11:28 Hrs(IST)
खेल


जायसवाल वनडे शैली से तालमेल बैठा लेंगे तो उनके पास अपार संभावनाएं होंगी: गंभीर

विशाखापत्तनम 07 दिसंबर (वार्ता) भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने तीसरे एकदिवसीय में यशस्वी जायसवाल की शतकीय पारी के बाद कहा कि जिस समय उन्हें यह पता लग गया कि एकदिवसीय प्रारुप में किस शैली से बल्लेबाजी करनी है तब फिर उनके पास अनंत संभावनाएं होगी।
जायसवाल भारतीय टेस्ट दल का नियमित हिस्सा हैं लेकिन उन्होंने अब तक केवल चार एकदिवसीय मैच ही खेले हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीजी में उन्हें अवसर नियमित सलामी बल्लेबाज और कप्तान शुभमन गिल के चोटिल होने के कारण मिला।
दक्षिण अफ्रीका पर भारत की नौ विकेट से जीत के बाद गंभीर ने कहा, “वनडे क्रिकेट में जरूरी चीज यह है कि आपको पता होना चाहिए कि आप किस शैली में क्रिकेट खेलना चाहते हैं। जब आप लाल गेंद क्रिकेट खेलकर एकदिवसीय क्रिकेट खेलने आते हैं तो आपको लगता है कि यहां आपको आक्रामक शैली में खेलना है लेकिन आपको वनडे क्रिकेट में आक्रामक बल्लेबाजी करने की जरूरत नहीं है। आप इसे 30 और 20 ओवर में भी विभाजित कर सकते हैं।”
उन्होंने कहा, “अगर आप 30 ओवर एकदिवसीय क्रिकेट की तरह खेलते हैं तो जो क्षमता जायसवाल के पास है वह तब तक शतक के पास होंगे। इसके बाद भी आपके पास 20 ओवर बचे होंगे और आप इस चरण में टी-20 क्रिकेट की तरह खेल सकते हैं। केवल शैली का अनुसरण जरूरी है। यह जायसवाल का चौथा मैच था। जिस समय उन्हें यह पता लग गया कि एकदिवसीय क्रिकेट में किस शैली से बल्लेबाजी करनी है तब फिर उनके पास अनंत संभावनाएं होंगी।”
जायसवाल ने पूरी पारी में बल्लेबाजी की, पहले उन्होंने रोहित शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 155 रन जोड़े और फिर विराट कोहली के साथ 116 रनों की नाबाद पारी खेलते हुए अंत तक डटे रहे। इस सीरीज में इससे पहले ऋतुराज गायकवाड़ ने भी शतक जड़ा, जो कि स्वयं भी वनडे दल का नियमित हिस्सा नहीं हैं और उन्होंने ऐसे स्थान पर बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा जिस स्थान पर वह अमूमन बल्लेबाजी नहीं करते हैं।
उन्होंने कहा, “ऋतु ने अपने नियमित स्थान से दूसरे क्रम पर बल्लेबाजी की। हम सभी जानते हैं कि वह बेहरतीन बल्लेबाज़ हैं। जिस तरह वह इंडिया ए के लिए प्रदर्शन कर रहे थे उसे देखते हुए हम उन्हें इस सीरीज में अवसर देना चाहते थे और उन्होंने मौके को अच्छी तरह से भुनाया। हमने 40 पर दो विकेट गंवा दिए थे और उस स्थिति में बल्लेबाजी करने आने के बाद शतक लगाना वाकई प्रशंसनीय था।”
उन्होंने कहा, “देखिए, हमें जब भी अवसर मिलता है हम नए खिलाड़ियों को अवसर प्रदान करने की कोशिश करते हैं। क्योंकि हम आगामी विश्व कप के लिए 20-25 खिलाड़ियों का एक ग्रुप चाहते हैं। लेकिन जब आपके कप्तान और उपकप्तान (वनडे में अय्यर) वापस आ जाते हैं तो आपको उन्हीं से शुरुआत करनी होगी। लेकिन जिस तरह का उन्होंने (जायसवाल और गायकवाड़) प्रदर्शन किया है, जब संभव होगा हम उन्हें मौका जरूर देंगे। यह उन कारणों में से एक है कि हम क्यों हर्षित जैसे खिलाड़ियों को विकसीत करना चाहते हैं जो कि आठवें नंबर पर बल्लेबाज़ी कर टीम के लिए योगदान दे सके। आप इसी तरह टीम में संतुलन खोज सकते हैं क्योंकि दो वर्ष बाद हमें दक्षिण अफ्रीका में खेलना है जहां तीन विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों की आवश्यकता होगी।”
उन्होंने कहा, “और अगर वह एक गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में विकसीत होना जारी रखते हैं तो इससे हमें काफी मदद मिलेगी। जसप्रीत बुमराह वापस आएंगे और इस सीरीज में हमने हर्षित, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा की ओर से जैसा प्रदर्शन देखा वो वाकई लाजवाब है। विशेषकर एकदिवसीय में इन तीनों को पास खेलने का अधिक अनुभव नहीं है लेकिन इसके बावजूद इन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया। ऐसे में हमें अगर हर्षित जैसा विकल्प मिलता है जो नंबर आठ पर बल्लेबाजी कर सके तो ऐसी स्थिति में हमारे पास टीम का अच्छा संतुलन होगा। देखते हैं, आगे क्या होता है। अभी बहुत समय है।”
उन्होंने कहा, “कभी-कभी आपको टीम का संतुलन भी देखना होता है और वॉशिंगटन सुंदर ने चाहे किसी नंबर पर बल्लेबाजी की उनका प्रदर्शन शानदार रहा। वह हमेशा टीम के लिए बेहतर प्रदर्शन करना चाहते हैं। हमने उन्हें मैनचेस्टर में नंबर पांच पर बल्लेबाज़ी के लिए कहा और उन्होंने शतक लगाया। फिर अगले टेस्ट में उन्हें नंबर आठ पर बल्लेबाज़ी के लिए कहा और उन्होंने अर्धशतक लगाया। ईडन गार्डेन्स में उन्होंने नंबर तीन पर बल्लेबाजी की और गुवाहाटी में एक बार फिर उन्होंने नंबर आठ पर बल्लेबाजी की। तो मुझे लगता है कि हमें ऐसे खिलाड़ियों की जरूरत है जो टीम के लिए हमेशा अपना सबकुछ देने के लिए तैयार रहते हों। मुझे विश्वास है कि वह ऐसा करते रहेंगे और हमें उन्हें विकसीत करना जारी रखना होगा क्योंकि वह भारतीय क्रिकेट का सुनहरा भविष्य हैं।”
राम
वार्ता
More News

शिवर ब्रंट का का अर्धशतक, मुंबई ने बनाये 154/5

20 Jan 2026 | 9:22 PM

वडोदरा, 20 जनवरी (वार्ता) नट शिवर ब्रंट (नाबाद 65) के आतिशी अर्धशतक से मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मंगलवार को महिला प्रीमियर लीग के मुकाबले में पांच विकेट पर 154 रन का सम्मानजनक स्कोर बना लिया। .

see more..

अभी यह भी पक्का नहीं है कि हम वर्ल्ड कप में जाएंगे या नहीं: लिटन दास

20 Jan 2026 | 7:27 PM

ढाका,20 जनवरी (वार्ता) "जवाब देना सुरक्षित नहीं है," बंगलादेश के टी20 के कप्तान लिटन दास ने मंगलवार को तीखी प्रतिक्रिया देते हुए एक पत्रकार को बीच सवाल में ही रोक दिया, जब उसका सवाल टी20 वर्ल्ड कप से पहले चल रहे गतिरोध की ओर जा रहा था।.

see more..

दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी

20 Jan 2026 | 7:17 PM

वडोदरा,20 जनवरी (वार्ता) दिल्ली कैपिटल्स ने महिला प्रेमियर लीग में मंगलवार को मुम्बई इंडियंस के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। .

see more..

50 मीटर 3 पोज़िशन्स में तिलोत्तमा और नीरज बने विजेता

20 Jan 2026 | 7:00 PM

नयी दिल्ली, 20 जनवरी (वार्ता) राष्ट्रीय चैंपियन तिलोत्तमा सेन ने 50 मीटर राइफल 3 पोज़िशन्स में अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित ग्रुप ए के लिए राष्ट्रीय चयन ट्रायल्स टी1 का खिताब जीता, जबकि नेवी के नीरज कुमार ने पुरुष वर्ग में बाज़ी मारी। वहीं 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल टी1 में पंजाब के राजकंवर सिंह संधू ने शीर्ष स्थान हासिल किया।.

see more..

राष्ट्रीय प्रशिक्षक मान्यता बोर्ड की स्थापना का आह्वान

20 Jan 2026 | 6:55 PM

नयी दिल्ली, 20 जनवरी (वार्ता) भारतीय बैडमिंटन के राष्ट्रीय मुख्य प्रशिक्षक पुलेला गोपीचंद के नेतृत्व में गठित कार्य समिति ने प्रशिक्षकों की शिक्षा और प्रशिक्षण के प्रमुख पहलुओं की जाँच की, जिनमें प्रशिक्षकों की गुणवत्ता और उपलब्धता, तथा प्रशिक्षकों के शिक्षा में अकादमिक सुधार सम्मिलित हैं। .

see more..