Wednesday, Jul 15 2026 | Time 21:58 Hrs(IST)
दुनिया


ईरान ने सुरक्षा परिषद को पत्र लिखकर अमेरिका के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने की अपील की

तेहरान, 09 जुलाई (वार्ता) ईरान ने अपने क्षेत्र पर अमेरिका के नये हमलों की आधिकारिक जानकारी संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को दी है। ईरान ने सुरक्षा परिषद से इस मामले में तुरंत कदम उठाने का आग्रह किया है और अमेरिका को इसके गंभीर परिणामों की चेतावनी भी दी है।
संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत अमीर सईद इरावानी ने सुरक्षा परिषद और संयुक्त राष्ट्र के महासचिव को लिखे एक पत्र में अमेरिका के इन कदमों का कड़ा विरोध किया। उन्होंने इसे संयुक्त राष्ट्र के नियमों और अंतरराष्ट्रीय दायित्वों का सरेआम उल्लंघन बताया। उन्होंने कहा कि अमेरिका बिना किसी उकसावे के ईरान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता पर लगातार हमले कर रहा है।
यह पत्र ईरान के दक्षिणी इलाकों पर अमेरिकी हमलों के ठीक एक दिन बाद भेजा गया है। इन हमलों में संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है और ईरान के कई सैनिक मारे गये हैं। इसके ठीक बाद, अमेरिकी विमानों ने देश के दक्षिणी हिस्से में कई अन्य ठिकानों पर फिर से हमले शुरू कर दिये।
ईरानी मीडिया के अनुसार, नये हमलों में दक्षिणी शहर चाबहार को निशाना बनाया गया, जहां एक अस्पताल और बिजली के बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा। इसके अलावा ईरानशहर और बुशहर जैसे कई अन्य शहरों पर भी हमले हुए, जिनमें एक व्यक्ति की मौत की खबर है।
पत्र में याद दिलाया गया कि अमेरिकी कार्रवाई ने पिछले महीने दोनों पक्षों के बीच हुए एक आपसी सहमति पत्र का भी उल्लंघन किया है। यह समझौता पाकिस्तान की मध्यस्थता में हुआ था, जो पूरे ईरान पर अमेरिका और इजरायल द्वारा किये गये सौ से अधिक दिनों के हमलों के बाद हुआ था।
ईरान ने कहा कि इन वादों को बार-बार और जानबूझकर तोड़कर, अमेरिका ने इस समझौते को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। अब इस गैर-कानूनी व्यवहार और तनाव बढ़ाने के लिए अमेरिका ही पूरी तरह से जिम्मेदार है।
पत्र में कहा गया कि यह साफ दिखाता है कि अमेरिका अंतरराष्ट्रीय कानूनों की रत्ती भर भी परवाह नहीं करता। ईरानी राजदूत ने सुरक्षा परिषद और संयुक्त राष्ट्र महासचिव से अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अमेरिका को रोकने और उसकी जवाबदेही तय करने के लिए तुरंत, प्रभावी और निर्णायक कदम उठाये जायें।
श्री ईरावानी ने इस बात पर भी अफसोस जताया कि ऐसे मामलों में सुरक्षा परिषद की निष्क्रियता ने अमेरिका के हौसले और बुलंद किये हैं। इसी वजह से अमेरिका ईरान के खिलाफ लगातार ताकत का इस्तेमाल कर रहा है, जिससे सुरक्षा परिषद की साख कमजोर हो रही है और अंतरराष्ट्रीय शांति तथा सुरक्षा खतरे में पड़ रही है। उन्होंने कहा कि इन उल्लंघनों से पैदा होने वाले किसी भी नतीजे की पूरी जिम्मेदारी सिर्फ अमेरिका की होगी।
भारत.श्रवण
वार्ता
More News

चीन ने रूस के खिलाफ अमेरिका के प्रस्तावित प्रतिबंध विधेयक पर कड़ा विरोध जताया

15 Jul 2026 | 9:36 PM

बीजिंग, 15 जुलाई (वार्ता) चीन ने रूस को निशाना बनाने वाले अमेरिका के प्रस्तावित प्रतिबंध विधेयक पर कड़ा विरोध जताते हुए कहा है कि वह अपने उद्यमों के वैध अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जायेंगे। .

see more..

इराकी प्रधानमंत्री के अमेरिकी दौरे के बीच रीगन नेशनल हवाईअड्डे पर उड़ानें निलंबित

15 Jul 2026 | 7:25 PM

वॉशिंगटन डीसी, 15 जुलाई (वार्ता) इराकी प्रधानमंत्री अली अल-जैदी के अमेरिकी दौरे के दौरान सुरक्षा उपायों को लागू किये जाने के कारण मंगलवार को यहां के 'रोनाल्ड रीगन राष्ट्रीय हवाईअड्डे' पर कई घंटों तक उड़ानों का संचालन निलंबित रहा। इस मामले से परिचित स्रोतों ने 'सीबीएस न्यूज' को बताया कि इसके कारण 100 से अधिक उड़ानें रद्द हुईं और बड़े पैमाने पर देरी हुई।.

see more..

अमेरिकी सैन्य अभियान लगातार चौथी रात भी जारी, दक्षिण-पूर्वी ईरान पर अमेरिका के हमले

15 Jul 2026 | 7:04 PM

जाहिदान, 15 जुलाई (वार्ता) अमेरिका ने मंगलवार को लगातार चौथी रात ईरान पर हमला कर पाकिस्तान की सीमा से सटे दक्षिण-पूर्वी प्रांत सिस्तान और बलूचिस्तान क्षेत्र को निशाना बनाया गया।.

see more..

अमेरिका ने ईरान के तेल नेटवर्क पर प्रतिबंध लगाये

15 Jul 2026 | 6:34 PM

वॉशिंगटन, 15 जुलाई (वार्ता) अमेरिका ने ईरानी व्यवसायी मोहम्मद हुसैन शामखानी से जुड़े 50 से ज़्यादा लोगों, कंपनियों और जहाजों पर नये प्रतिबंधों की घोषणा की है।.

see more..

ट्रंप ने होर्मुज शुल्क योजना वापस ली, केवल ईरानी जहाजों तक सीमित नाकेबंदी की घोषणा की

15 Jul 2026 | 6:21 PM

वॉशिंगटन, 15 जुलाई (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों पर 20 प्रतिशत शुल्क लगाने की अपनी योजना वापस ले ली है। .

see more..