नयी दिल्ली 06 जनवरी (वार्ता) केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को यहां केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो द्वारा विकसित भारतपोल पोर्टल का शुभारंभ करेंगे।
गृह मंत्रालय के अनुसार श्री मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने देश की कानून प्रवर्तन एजेंसियों को सशक्त बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। भारतपोल पोर्टल, भारतीय क़ानून प्रवर्तन एजेंसियों को समय पर सूचना साझा करने में सक्षम बनाएगा, जिससे अंतर्राष्ट्रीय पुलिस सहयोग तक त्वरित पहुंच संभव होगी।
भारत में इंटरपोल के लिए ब्यूरो कानून प्रवर्तन एजेंसियों सहित देशभर की विभिन्न एजेंसियों के साथ मिलकर आपराधिक मामलों में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग में मदद करता है। केंद्र, राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों के स्तर पर यह समन्वय इंटरपोल लायजन अधिकारी के माध्यम से किया जाता है, जो अपने-अपने संगठनों में पुलिस अधीक्षकों, पुलिस आयुक्तों और शाखा प्रमुखों के स्तर पर जुड़े होते हैं। अभी इन अधिकारियों के बीच संचार मुख्य रूप से पत्रों, ईमेल और फैक्स पर निर्भर करता है।
साइबर अपराध, वित्तीय अपराध, ऑनलाइन कट्टरपंथ, संगठित अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी सहित अंतरराष्ट्रीय अपराधों के बढ़ते प्रभाव के कारण आपराधिक जांच में तेज़ और रियल टाइम में अंतरराष्ट्रीय सहायता की आवश्यकता है। इस चुनौती से निपटने के लिए ब्यूरो ने भारतपोल पोर्टल विकसित किया है।
यह पोर्टल, इंटरपोल के माध्यम से अंतर्राष्ट्रीय सहायता के लिए सभी अनुरोधों पर कार्रवाई को सुव्यवस्थित करेगा, जिसमें रेड नोटिस और अन्य नोटिस जारी करना शामिल है।
श्री शाह पुरस्कार विजेता सीबीआई के 35 अधिकारियों को पुलिस पदक भी प्रदान करेंगे, जिन्हें विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक और जांच में उत्कृष्टता के लिए केन्द्रीय गृह मंत्री पदक से सम्मानित किया गया है।
कार्यक्रम में विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय, कार्मिक विभाग , केंद्रीय सतर्कता आयोग और केन्द्रीय पुलिस संगठनों सहित विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों के कई गणमान्य व्यक्ति और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
संजीव
वार्ता