Monday, Jun 15 2026 | Time 08:00 Hrs(IST)
India


राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री समेत तमाम प्रमुख नेताओं ने मालवीय नगर आग घटना पर जताया गहरा दुख

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री समेत तमाम प्रमुख नेताओं ने मालवीय नगर आग घटना पर जताया गहरा दुख

नयी दिल्ली, 03 जून (वार्ता) दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह एक होटल में आग लगने की घटना में 20 लोगों की मौत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू समेत और प्रमुख नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है।


लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 'प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया' के आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर दुख जताते हुए लिखा, "दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने की घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत पीड़ादायक है। मैं शोकाकुल परिवारों के प्रति गहन संवेदनाएं व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"

 

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भी 'एक्स' पर अपनी संवेदनाएं साझा करते हुए लिखा, "दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने की घटना में कई लोगों की दर्दनाक मौत अत्यंत कष्टदायक है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और प्रार्थना करता हूं कि उन्हें इस दुख की घड़ी में शक्ति और साहस मिले। मैं घायलों के अच्छे स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना करता हूं।"

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस त्रासदी पर गहरा दुख प्रकट करने के साथ ही पीड़ितों के लिए मुआवजे की भी घोषणा की है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के आश्रितों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जायेगी। पीएमओ के 'एक्स' हैंडल पर जारी संदेश में कहा गया, "दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने की घटना के कारण हुई जनहानि अत्यंत दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है। अधिकारी प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।"

 

दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने हादसे को बेहद दुखद बताते हुए वरिष्ठ अधिकारियों से बात की। उन्होंने घायलों को फौरन बेहतरीन इलाज मुहैया कराने, प्रभावितों को तत्काल राहत देने और इस पूरे अग्निकांड की गहन जांच सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने मुस्तैदी से बचाव कार्य में जुटी दिल्ली पुलिस, अग्निशमन सेवा (फायर ब्रिगेड) और नागरिक प्रशासन की टीमों की सराहना भी की।

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर स्थानीय प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी और शोक संतप्त परिवारों के लिए ढाढस बंधाया। उन्होंने लिखा, "दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने की घटना से मन अत्यंत व्यथित है। स्थानीय प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है। इस हृदयविदारक घटना में जिन लोगों ने अपने परिजनों को खोया है, मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं। ईश्वर शोकाकुल परिवारों को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें। घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"

 

इस भीषण हादसे पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 'एक्स' पर अपनी संवेदनाएं साझा करते हुए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने लिखा, "मालवीय नगर में भीषण आग लगने की घटना में कई लोगों की दर्दनाक मौत से गहरा दुख हुआ है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। मैं इस हृदयविदारक त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों को शक्ति और साहस मिलने तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।"

 

मुख्यमंत्री ने आगे कहा, "दुख की इस घड़ी में दिल्ली सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। हम इस त्रासदी से प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।"

 

वहीं, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राजधानी में लगातार हो रहे ऐसे हादसों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने लिखा, "दिल्ली के मालवीय नगर में लगी भीषण आग में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए मैं भगवान से प्रार्थना करता हूँ। आज मालवीय नगर में इतनी बड़ी घटना हो गई। 20 लोगों की मौत की दुखद ख़बर आ रही... दिल्ली में लगातार हो रहे अग्निकांड और मासूम लोगों की मौतें बेहद चिंताजनक हैं।"

 

नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को जमीन पर उतरकर मदद करने का आह्वान किया। उन्होंने लिखा, "दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने से कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। सभी शोकाकुल परिजनों को मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आग्रह है कि वो राहत और बचाव कार्य में हर संभव योगदान दें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं।"

 

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी पीड़ित परिवारों को समय पर उचित सहायता देने की मांग उठाई। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, "दिल्ली के मालवीय नगर में आग लगने की दुखद घटना से गहरा दुख हुआ है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना। राज्य सरकार और अधिकारियों को प्रभावितों को तत्काल चिकित्सा देखभाल सहित पर्याप्त और समय पर मुआवजा प्रदान करना चाहिए। मैं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि वे इस कठिन समय में पीड़ितों को हर संभव सहायता और सहयोग प्रदान करें।"

 

आलम जितेन्द्र
वार्ता

More News
ममता के नेतृत्व से नाराज तृणमूल कांग्रेस के 20 लोक सभा सदस्य पार्टी से अलग हुए, लोकसभा अध्यक्ष से अगल बैठने की जगह मांगी

ममता के नेतृत्व से नाराज तृणमूल कांग्रेस के 20 लोक सभा सदस्य पार्टी से अलग हुए, लोकसभा अध्यक्ष से अगल बैठने की जगह मांगी

14 Jun 2026 | 10:38 PM

नयी दिल्ली , 14 जून (वार्ता) तृणमूल कांग्रेस में तेजी बदलते घटनाक्रमों के बीच ममता बनर्जी के नेतृत्व से नाराज उनकी पार्टी के कुछ लोकसभा सदस्यों ने रविवार को एक समूह के रूप में राजधानी में लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की और उनसे सदन में 'नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी' के सदस्य के रूप में लग बैठने की अनुमति दिये जाने का अनुरोध पत्र दिया। श्री बिड़ला से मुलाकात के बाद इस गुट की ओर से स्पष्ट संदेश दिया गया कि वे सदन में अलग बैठेंगे और भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ सहयोग करेंगे।

see more..
मोदी और मैक्रों ने द्विपक्षीय वार्ता में रक्षा सहयोग को अधिक सशक्त बनाने पर सहमति व्यक्त की

मोदी और मैक्रों ने द्विपक्षीय वार्ता में रक्षा सहयोग को अधिक सशक्त बनाने पर सहमति व्यक्त की

14 Jun 2026 | 10:32 PM

नयी दिल्ली 14 जून (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को फ्रांस के शहर नीस स्थित विला केरीलोस में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय वार्ता की और रक्षा प्लेटफार्म तथा उन्नत प्रौद्योगिकियों के सह सह-डिज़ाइन, सह-विकास और सह-उत्पादन पर पर जोर देते हुए रक्षा सहयोग को अधिक सशक्त बनाने पर सहमति व्यक्त की। दोनों देश अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने के लिए एक उच्च स्तरीय तंत्र स्थापित करने पर भी राजी हुए। उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों में नवाचार और प्रौद्योगिकी साझेदारी को दीर्घकालिक दिशा प्रदान करने के लिए "नवाचार रोड़मैप 2030" को अपनाया।

see more..

प्रोजेक्ट जीआईबी के तहत बंदी पक्षियों की संख्या 94 पहुंची : यादव

14 Jun 2026 | 10:16 PM

नयी दिल्ली, 14 जून (वार्ता) पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा है कि प्रोजेक्ट ग्रेट इंडियन बस्टर्ड (जीआईबी) के तहत पिछले कुछ दिनों में तीन नए चूजों को संरक्षण प्रजनन कार्यक्रम में शामिल किए जाने के साथ ही बंदी पक्षियों की संख्या बढ़कर 94 हो गई है।.

see more..

मोदी शासन के 12 साल में राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क 61 प्रतिशत बढ़ने क दावा

14 Jun 2026 | 9:56 PM

नयी दिल्ली, 14 जून (वार्ता) सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में आधारभूत ढांचे का तेजी से विकास हुआ है और इसी का परिणाम है कि पिछले 12 वर्षों में राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क में 61 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है।.

see more..

भारत-फ्रांस ने नवाचार और अंतरिक्ष सहयोग को नई दिशा दी, 13 समझौते तथा घोषणाएं की

14 Jun 2026 | 9:55 PM

नयी दिल्ली 14 जून (वार्ता) भारत और फ्रांस ने द्विपक्षीय साझेदारी को नई गति देते हुए प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, व्यापार, रक्षा, कौशल विकास और अंतरिक्ष सहयोग से जुड़े क्षेत्रों में 13 महत्वपूर्ण समझौतों, घोषणाओं और पहलों को रविवार को अंतिम रूप दिया। .

see more..