Monday, Jun 15 2026 | Time 07:29 Hrs(IST)
States » Other states


59 तृणमूल विधायक ऋतव्रत बनर्जी के समर्थन में आये, पार्टी में विभाजन की अटकलें तेज

59 तृणमूल विधायक ऋतव्रत बनर्जी के समर्थन में आये, पार्टी में विभाजन की अटकलें तेज

कोलकाता, 03 जून (वार्ता) तृणमूल कांग्रेस के निष्कासित विधायक ऋतव्रत बनर्जी के नेतृत्व में बुधवार को राज्य विधानसभा स्थित नौशाद अली भवन में करीब 60 विधायकों की बैठक हुई, जिसके बाद पार्टी में संभावित विभाजन की अटकलें और तेज हो गयीं।


इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी हालांकि नहीं हुई है, लेकिन श्री बनर्जी सुबह विधानसभा पहुंचे और उनके पास 59 विधायकों के समर्थन वाला एक पत्र होने की चर्चा रही। इस बीच एक अन्य निष्कासित तृणमूल विधायक ने कहा, “ बैठक के बाद सब कुछ सामने आ जाएगा। हमारे साथ दो-तिहाई विधायकों का समर्थन है। ”

 

उल्लेखनीय है कि हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने 80 सीटें जीती थीं, लेकिन फिलहाल उसके पास 78 विधायक हैं, क्योंकि ऋतव्रत बनर्जी और संदीपन साहा को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निष्कासित कर दिया गया है।

 

बैठक में अरूप राय, शिउली साहा, अखुज्जमान और सबीना यास्मीन सहित कई विधायक शामिल हुए। सबीना यास्मीन ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि विपक्ष के नेता के चयन के लिए विधायकों की यह बैठक बुलाई गयी है। उनसे जब पूछा गया कि बैठक किसने बुलाई, तो उन्होंने कहा, “हम सभी ने।”

 

यह घटनाक्रम विपक्ष के नेता के चयन को लेकर कथित जाली हस्ताक्षरों के विवाद के बीच सामने आया है, जिससे तृणमूल कांग्रेस के भीतर तनाव बढ़ गया है। विवाद उस समय और गहरा गया, जब विधानसभा अध्यक्ष रथीन्द्र बोस ने विपक्ष के नेता पद के लिए किसी भी उम्मीदवार को मान्यता देने से परहेज किया।

 

विधानसभा पहुंचने के बाद श्री ऋतव्रत बनर्जी ने पूरे घटनाक्रम को ‘अटकल’ बताते हुए महत्व कम करने की कोशिश की, लेकिन पार्टी की एकजुटता को लेकर सवाल लगातार उठ रहे हैं। इस बीच, भाजपा विधायक तपस राय ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर दावा किया था कि श्री ऋतव्रत बनर्जी को बड़ी संख्या में तृणमूल विधायकों का समर्थन प्राप्त है।

 

श्री बनर्जी ने हालांकि बाद में इस पोस्ट से दूरी बना ली। उन्होंने कहा कि वह विधानसभा में अपने काम के लिये आये हैं और इस मामले से जुड़ी तमाम खबरें महज अटकलें हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या लगभग 50 विधायक उनके साथ हैं, तो उन्होंने कहा, “मैं केवल अपने और संदीपन के बारे में ही जिम्मेदारी ले सकता हूं।”

 

विवाद की शुरुआत सोमवार को हुई थी, जब तृणमूल कांग्रेस ने श्री ऋतव्रत बनर्जी और एंटाली के विधायक संदीपन साहा को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। दोनों विधायकों का आरोप है कि छह मई को हुई पार्टी बैठक में विपक्ष के नेता के चुनाव संबंधी कोई प्रस्ताव पारित नहीं किया गया था। उनका दावा है कि उपस्थिति रजिस्टर पर लिये गये हस्ताक्षरों को बाद में प्रस्ताव के दस्तावेज में बदल दिया गया।


मुख्यमंत्री शुवेंदु अधिकारी ने सोमवार को नावन्ना में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि श्री ऋतव्रत बनर्जी और श्री संदीपन साहा ने विधानसभा अध्यक्ष को लिखित शिकायत देकर विधानसभा अभिलेखों में हस्ताक्षर जालसाजी का आरोप लगाया है। करीब 60 विधायकों के श्री ऋतव्रत बनर्जी के साथ खुलकर खड़े होने के बाद तृणमूल कांग्रेस में बड़े विभाजन की संभावनाओं को लेकर अटकलें तेज हो गयी हैं। पार्टी नेतृत्व और असंतुष्ट गुट के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी है।

 

शादाब.श्रवण
वार्ता

More News

अगले चुनावों में महबूबनगर कांग्रेस और रेवंत रेड्डी को देगा नकार : बीआरएस

14 Jun 2026 | 11:42 PM

हैदराबाद, 14 जून (वार्ता) भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामा राव (केटीआर) ने रविवार को कहा कि महबूबनगर के लोग कांग्रेस सरकार द्वारा जिले के साथ किए जा रहे अन्याय को अच्छी तरह समझ गए हैं और आने वाले चुनावों में पार्टी को पूरी तरह से नकार देंगे।.

see more..

विधानसभा में जाली हस्ताक्षर मामले में सीआईडी ने अभिषेक बनर्जी से आठ घंटे से ज़्यादा पूछताछ की

14 Jun 2026 | 11:06 PM

कोलकाता, 14 जून (वार्ता) तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी से रविवार को विधानसभा में कथित तौर पर जाली हस्ताक्षर करने के मामले में अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) के अधिकारियों ने लगभग साढ़े आठ घंटे तक पूछताछ की।.

see more..

ओडिशा में मतदाता सूची में सुधार का काम 98.65 प्रतिशत तक पूरा

14 Jun 2026 | 10:36 PM

भुवनेश्वर, 14 जून (वार्ता) ओडिशा में मतदाता सूची में सुधार के लिए चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का काम अब आखिरी चरण में है। राज्य के मतदाताओं में से रिकॉर्ड 98.65 प्रतिशत लोगों तक जानकारी जुटाने वाले फॉर्म पहुंचा दिए गए हैं। .

see more..

ओडिशा: राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर दो अलग-अलग हादसों में पांच बाइक सवारों की मौत

14 Jun 2026 | 10:29 PM

भुवनेश्वर, 14 जून (वार्ता) ओडिशा के क्योंझर जिले में रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर कांजीपानी थाना क्षेत्र के अंतर्गत दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में पांच मोटरसाइकिल सवारों की दर्दनाक मौत हो गई।.

see more..

उत्तराखंड सहकारिता विभाग और त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय के बीच हुआ समझौते पर हुए हस्ताक्षर, खुलेगा पीएमयू

14 Jun 2026 | 10:07 PM

देहरादून, 14 जून (वार्ता) उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन गया है, जहां त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय के सहयोग से 'प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट' (पीएमयू) स्थापित की जाएगी। इस महत्वाकांक्षी पहल के लिए रविवार को देहरादून के यमुना कॉलोनी स्थित राज्य के सहकारिता मंत्री धनसिंह रावत के सरकारी आवास पर सचिव सहकारिता डॉ. इकबाल अहमद तथा विश्वविद्यालय की ओर से कुलपति प्रो. शाश्वत विश्वास ने इस महत्वपूर्ण समझौते (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।.

see more..