Sunday, Apr 19 2026 | Time 07:19 Hrs(IST)
world


अमेरिका-ईरान के बीच दो सप्ताह का संघर्षविराम, 10 अप्रैल से स्थायी शांति पर इस्लामाबाद में वार्ता

अमेरिका-ईरान के बीच दो सप्ताह का संघर्षविराम, 10 अप्रैल से स्थायी शांति पर इस्लामाबाद में वार्ता

वाशिंगटन/तेहरान, 08 अप्रैल (वार्ता) ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई की हत्या के साथ शुरू हुआ अमेरिका-ईरान संघर्ष 40 दिन के बाद संघर्षविराम पर पहुंच गया है।


इजरायल ने भी ईरान के साथ संघर्षविराम पर सहमति जताई है, लेकिन इजरायली रक्षा बल (आईडीएफ) ने यह भी कहा है कि वह लेबनान में अपना सैन्य अभियान जारी रखेगा।

 

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वाशिंगटन के समयानुसार शाम 06:32 बजे (भारतीय समयानुसार बुधवार तड़के 4:02 बजे) अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया कि वह ईरान पर नियोजित सैन्य हमलों को दो सप्ताह की अवधि के लिए स्थगित कर देंगे।

 

दूसरी ओर, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने भी कुछ घंटे बाद संघर्षविराम की पुष्टि करते हुए कहा कि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों का सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करेगा।

 

संघर्षविराम की मध्यस्थता की पहल करने वाले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने भी दो सप्ताह के संघर्षविराम की पुष्टि करते हुए कहा कि अमेरिका और ईरान 10 अप्रैल से इसे अंतिम रूप देने के लिए शांति वार्ता करेंगे।

 

श्री ट्रंप ने कहा कि प्रस्तावित सैन्य हमलों को दो सप्ताह के लिए स्थगित किया जा रहा है ताकि वार्ता आगे बढ़ सके। उन्होंने यह भी कहा कि यह "दोनों पक्षों का संघर्षविराम" होगा और अमेरिका अपने सैन्य उद्देश्यों को पहले ही हासिल कर चुका है।

 

श्री ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर के साथ हुई बातचीत के आधार पर और इस शर्त पर कि इस्लामिक गणराज्य ईरान 'होर्मुज़ जलडमरूमध्य' को पूरी तरह, तत्काल और सुरक्षित रूप से खोलने पर सहमत हो जाए, मैं दो सप्ताह की अवधि के लिए ईरान पर बमबारी और हमले को स्थगित करने पर सहमत हूं।"

 

उन्होंने बताया कि यह निर्णय पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर के साथ बातचीत के बाद लिया गया, जिन्होंने संयम बरतने की अपील की थी। श्री ट्रंप ने कहा कि संघर्षविराम इस शर्त पर आधारित है कि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित रूप से खोलने पर सहमत होगा।

 

उन्होंने कहा कि ईरान की ओर से मिले 10-सूत्री प्रस्ताव को वार्ता के लिए "व्यावहारिक आधार" माना गया है और अधिकांश मतभेदों को सुलझा लिया गया है। इस बीच, श्री अराघची ने पुष्टि की कि ईरान दो सप्ताह के युद्धविराम के लिए सहमत है और इस दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जाएगी। श्री अराघची ने युद्धविराम में भूमिका निभाने के लिए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के प्रयासों की सराहना की।

 

उन्होंने एक्स पर कहा, "इस्लामिक गणराज्य ईरान की ओर से मैं अपने प्रिय भाइयों, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शरीफ और फील्ड मार्शल मुनीर के क्षेत्र में युद्ध समाप्त करने के अथक प्रयासों के लिए आभार व्यक्त करता हूं।"

 

ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने कहा कि 10 अप्रैल से पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता शुरू होगी। परिषद ने यह भी स्पष्ट किया कि यह वार्ता युद्ध का अंत नहीं है और यदि किसी भी पक्ष की ओर से उल्लंघन हुआ तो ईरान कड़ा जवाब देगा।

 

दूसरी ओर, श्री शरीफ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, "अत्यंत विनम्रता के साथ, मुझे यह घोषणा करते हुए प्रसन्नता हो रही है कि इस्लामिक गणराज्य ईरान और अमेरिका अपने सहयोगियों के साथ मिलकर लेबनान और अन्य स्थानों सहित हर जगह तत्काल संघर्षविराम के लिए सहमत हो गए हैं, जो तत्काल प्रभाव से लागू होगा।"

 

उन्होंने कहा, "मैं इस विवेकपूर्ण कदम का हार्दिक स्वागत करता हूं और दोनों देशों के नेतृत्व के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त करता हूं। साथ ही, मैं उनके प्रतिनिधिमंडलों को शुक्रवार, 10 अप्रैल 2026 को इस्लामाबाद आमंत्रित करता हूं, ताकि सभी विवादों को सुलझाने के लिए एक निर्णायक समझौते हेतु आगे की बातचीत की जा सके।"

 

उल्लेखनीय है कि 28 फरवरी से शुरू हुए संघर्ष के बाद दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया था, लेकिन अब संघर्षविराम और प्रस्तावित वार्ता से कूटनीतिक समाधान की संभावना बनी है।

 

शादाब जितेन्द्र
वार्ता

More News

होर्मुज़ जलडमरूमध्य में ईरानी गनबोट्स की फायरिंग, भारतीय ध्वज वाले टैंकर समेत दो जहाज लौटे

18 Apr 2026 | 7:28 PM

तेहरान, 18 अप्रैल (वार्ता) होर्मुज़ जलडमरूमध्य में शनिवार को ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स नौसेना की गनबोट्स से कथित गोलीबारी के बाद भारतीय ध्वज वाले एक सुपरटैंकर सहित दो जहाजों को वापस लौटना पड़ा। यह जानकारी शिपिंग मॉनिटर टैंकरट्रैकर्स ने दी। .

see more..

सेना दिवस पर बोले खामेनेई, जारी रहेगी अमेरिकी-इजरायली आक्रमण के खिलाफ जंग

18 Apr 2026 | 7:13 PM

तेहरान, 18 अप्रैल (वार्ता) ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्ला सैयद मोजतबा खामेनेई ने अपने पहले सेना दिवस संबोधन में ईरानी सेना की प्रशंसा करते हुए अमेरिका-इज़रायल की कथित आक्रामकता के खिलाफ संघर्ष .

see more..

पश्चिमी देशों की धमकियों के बावजूद अमेरिका से बातचीत जारी : लुकाशेंको

18 Apr 2026 | 7:09 PM

मिंस्क, 18 अप्रैल (वार्ता) बेलारूस के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर लुकाशेंको ने कहा है कि पश्चिमी देश भले ही उनका बहिष्कार करना चाहते हैं, फिर भी वह अमेरिका के साथ इस विचार के साथ बातचीत कर रहे हैं कि यह उनके देश के आर्थिक हितों के लिए अच्छा होगा। .

see more..
ट्रंप का दावा गलत, होर्मुज पर पूरी तरह ईरान का नियंत्रण : गालिबाफ

ट्रंप का दावा गलत, होर्मुज पर पूरी तरह ईरान का नियंत्रण : गालिबाफ

18 Apr 2026 | 6:50 PM

तेहरान, 18 अप्रैल (वार्ता) ईरान ने होर्मुज़ जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि इस रणनीतिक जलमार्ग पर नियंत्रण पूरी तरह उसके हाथ में है और अमेरिकी नाकेबंदी जारी रहने पर इसे खुला नहीं रखा जाएगा। ईरान की संसद (मजलिस) के अध्यक्ष मोहम्मद बाक़िर ग़ालिबाफ़ ने श्री ट्रंप के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि "अमेरिका के राष्ट्रपति ने एक घंटे में सात दावे किए और सभी गलत थे। इन झूठों से वे युद्ध नहीं जीत पाए और बातचीत में भी सफल नहीं होंगे। नाकेबंदी जारी रही तो होर्मुज़ जलडमरूमध्य खुला नहीं रहेगा।"

see more..

फिसा नवीनीकरण पर ट्रंप को झटका, रिपब्लिकन सांसदों की बगावत से अटका विधेयक

18 Apr 2026 | 5:42 PM

वॉशिंगटन, 18 अप्रैल (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को उस समय अपनी ही पार्टी के भीतर दुर्लभ विरोध का सामना करना पड़ा, जब रिपब्लिकन सांसदों ने फॉरेन इंटेलिजेंस सर्विलांस एक्ट (फिसा) के नवीनीकरण को रोक दिया।.

see more..