कोलकाता, 09 अक्टूबर (वार्ता) पश्चिम बंगाल विधानसभा उपचुनाव में शुक्रवार को सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई। 11वें दौर की मतगणना के बाद नंदीग्राम सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार हसीरानी रथ ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रस उम्मीवार मिलन प्रधान से 90323 वोटों की बढ़त बना ली।
चुनाव आयोग के जारी आंकड़ों के मुताबिक, नंदीग्राम में भाजपा उम्मीदवार हसीरानी रथ को 11 दौर की मतगणना के बाद 121236 वोट मिले और वह अपने प्रतिद्वंदी कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान से 90323 मतों से आगे चल रही हैं। मिलन प्रधान को 30913 वोट मिले हैं। पूर्व मेदिनीपुर जिले की नंदीग्राम सीट से भाजपा उम्मीदवार हसीरानी रथ, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के दिवंगत निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की मां हैं। तृणमूल कांग्रेस द्वारा अपना उम्मीदवार वापस लिए जाने के बाद कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के धड़े के समर्थन से मिलन प्रधान को मैदान में उतारा है।
यह चुनाव क्षेत्र 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद से ही राजनीतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण बना हुआ है, जब श्री अधिकारी ने नंदीग्राम में सुश्री बनर्जी को पराजित किया था। यह वर्तमान उपचुनाव 2026 के विधानसभा चुनाव में श्री अधिकारी के नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों पर जीत हासिल करने के बाद हो रहा है, जिसमें श्री अधिकारी ने भवानीपुर सीट अपने पास रखी और नंदीग्राम छोड़ दी थी।
आलम उप्रेती वार्ता