एक्सक्लूसिव ख़बरें और डेटा, जो मार्केट प्रोफेशनल्स को रखते हैं सबसे आगे। Friday, September 25, 2026

मोदी ने जगाया देश के युवाओं में आत्मविश्वास: नवीन

मोदी ने जगाया देश के युवाओं में आत्मविश्वास: नवीन

जयपुर, 25 सितंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद नितिन नवीन ने देश के प्रति अपने दायित्वों को पूरा करते हुए जीवन को सार्थक बनाना ही उनकी वास्तविक सफलता बताते हुए युवाओं से कहा है कि भले ही अच्छा इंजीनियर, डॉक्टर या व्यवसायी बनना महत्वपूर्ण है, लेकिन इससे भी अधिक महत्वपूर्ण अच्छा इंसान और अच्छा नागरिक बनना है।

श्री नवीन सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को यहां बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने युवाओं से हमेशा बड़ा विजन रखने और ऊंचा सोचने की अपील करते हुए कहा कि जिस भी काम को हाथ में लें, उसे पूरे समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ करें, तो सफलता मिलना निश्चित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के युवाओं में स्वयं की क्षमताओं पर भरोसा कर देश को आगे बढ़ाने का विश्वास जगाया है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए देश के 140 करोड़ नागरिकों को एक साथ आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि जीवन में कभी शॉर्टकट को रास्ता नहीं बनाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जीवन 100 मीटर की रेस नहीं, बल्कि लंबी दौड़ है। इसलिए जीवन में असफलता से घबराने के बजाय राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। उन्होंने युवाओं को कृत्रिम बुद्धिमता (एआई) के दुरुपयोग की बजाय सकारात्मक उपयोग के लिए प्रेरित भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में युवाओं से समाज के प्रति संवेदनशील रहते हुए राष्ट्र सेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के निर्माण के लिए सबसे बड़ी ताकत देश का युवा है। युवा शक्ति परफॉर्म, रिफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के माध्यम से भविष्य बनाये।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार, उद्यमिता, खेल और नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए लगातार नए अवसर उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति, स्किल इंडिया मिशन और प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना जैसी कई योजनाएं शुरू की हैं, वहीं माय भारत प्लेटफॉर्म, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया और पीएम मुद्रा योजना के माध्यम से युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध करवाये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भी युवाओं के लिए राजस्थान युवा नीति तथा राज्य कौशल नीति जैसी कई पहल लागू की गयी हैं।

पिछले ढाई वर्ष में बिना पेपरलीक के अब तक एक लाख 90 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां प्रदान की गयी हैं। एक लाख 22 हजार पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सपनों की उड़ान में हर कदम पर साथ खड़ी है। कार्यक्रम में युवाओं ने अपने अनुभव और भविष्य की योजनाएं साझा की। साथ ही उन्होंने विकसित भारत और विकसित राजस्थान के लिए अपनी प्रतिबद्धता भी दिखाई। युवाओं ने केंद्र और और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए आभार भी जताया। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद मदन राठौड़ सहित विभिन्न क्षेत्रों की युवा प्रतिभाएं और बड़ी संख्या में युवा मौजूद थे वहीं प्रदेशभर से युवा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से भी जुड़े।

जोरा.श्रवण वार्ता

समाचार विवरण:

कुल शब्द:
520
टाइप:
टेक्स्ट
यूआरएल स्लग:
राजस्थान लीड युवा संवाद नवीन
स्रोत:
UNI Varta
कैटेगरी
,
प्रकाशित तिथि
25/09/26 14:09
पिछला अपडेट
25/09/26 14:09
स्थान
India