एक्सक्लूसिव ख़बरें और डेटा, जो मार्केट प्रोफेशनल्स को रखते हैं सबसे आगे। Wednesday, September 23, 2026

भारत, यूएई और फ्रांस ने त्रिपक्षीय सहयोग की समीक्षा की

भारत, यूएई और फ्रांस ने त्रिपक्षीय सहयोग की समीक्षा की

न्यूयॉर्क, 23 सितंबर (वार्ता) भारत , संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और फ्रांस ने संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के 81वें सत्र के दौरान त्रिपक्षीय सहयोग में हुई प्रगति की समीक्षा की और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), अंतरिक्ष, स्वास्थ्य विज्ञान, ऊर्जा और संस्कृति जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। विदेश मंत्रालय के अनुसार विदेश मंत्री एस. जयशंकर, यूएई के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान और फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरोट ने न्यूयॉर्क में भारत-यूएई-फ्रांस त्रिपक्षीय बैठक में भाग लिया।

बयान के अनुसार तीनों मंत्रियों ने आपसी हित के सहमत क्षेत्रों - जिनमें अंतरिक्ष, एआई , संस्कृति और विरासत शामिल हैं - में त्रिपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा की और पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी विचार-विमर्श किया। मंत्रियों ने साझा हित के क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत एवं विस्तारित करने तथा भारत, फ्रांस और यूएई के बीच मजबूत एवं मैत्रीपूर्ण संबंधों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। मंत्रालय ने कहा कि उन्होंने ठोस पहलों के माध्यम से रचनात्मक संबंध विकसित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और सहयोग के क्षेत्रों में प्रगति की समीक्षा के लिए नियमित अंतराल पर मिलने पर सहमति व्यक्त की।

श्री जयंशकर ने 'एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि बैठक का मुख्य फोकस "एआई, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य विज्ञान, ऊर्जा और संस्कृति" में सहयोग पर था। उन्होंने कहा, "यूएनजीए81 के दौरान भारत-यूएई-फ्रांस त्रिपक्षीय बैठक में भाग लेकर खुशी हुई। एआई , अंतरिक्ष, स्वास्थ्य विज्ञान, ऊर्जा और संस्कृति के क्षेत्रों में सहयोग चर्चा का मुख्य विषय था। हमारे साझा हित और एक-दूसरे की पूरक क्षमताएं सहयोग के लिए अपार संभावनाएं प्रदान करती हैं। चर्चा को आगे बढ़ाने के लिए जल्द ही फिर से मिलने पर सहमति बनी।"

श्री जयशंकर ने न्यूयॉर्क में अपने फ्रांसिसी समकक्ष बैरोट के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की और यूक्रेन तथा खाड़ी संकट सहित क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर चर्चा की। दोनों मंत्रियों ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में सुधार सहित बहुपक्षीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया। श्री जयशंकर ने एक्स पर एक और पोस्ट में कहा, "यूएन हाई-लेवल वीक के दौरान फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरोट से मिलकर खुशी हुई। हमारी नियमित मुलाकातों और बातचीत से हमारी 'खास वैश्विक रणनीतिक साझेदारी'' की गति बनी रहती है। क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों, खासकर यूक्रेन और खाड़ी संकट पर चर्चा हुई। साथ ही, यूएनएससी में सुधार समेत कई अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ।"

जांगिड़ जितेन्द्र वार्ता

समाचार विवरण:

कुल शब्द:
394
टाइप:
टेक्स्ट
यूआरएल स्लग:
अमेरिका भारत यूएई फ्रांस समीक्षा
स्रोत:
UNI Varta
कैटेगरी
,
प्रकाशित तिथि
23/09/26 09:43
पिछला अपडेट
23/09/26 09:43
स्थान
India