एक्सक्लूसिव ख़बरें और डेटा, जो मार्केट प्रोफेशनल्स को रखते हैं सबसे आगे। Friday, October 2, 2026

कमरतोड़ महंगाई से जनता को कब छुटकारा दिलायेगी मोदी सरकार : कांग्रेस

कमरतोड़ महंगाई से जनता को कब छुटकारा दिलायेगी मोदी सरकार : कांग्रेस

नयी दिल्ली, 02 अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस ने कहा है कि महंगाई सिर्फ बाजार के आंकड़ों में नहीं बढ़ रही है बल्कि इसका असर हर मध्यमवर्गीय और गरीब परिवार की रसोई में महसूस किया जा रहा है और हालात यह हो गये हैं कि त्योहारों के मौसम में रसोई का बजट तीन महीने में 25 प्रतिशत तक बढ़ गया है।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि एक समाचार में एक गृहिणी ने बताया है कि उनकी आय केवल 35,000 रुपये है और इतनी सीमित आय में रसोई का खर्च संभालना बेहद मुश्किल हो गया है। उन्होंने सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अहसास है कि महंगाई के इस दौर में परिवार अपने घर का बजट कैसे संभाल रहे होंगे। उन्होंने कहा कि अरहर दाल 105 रुपये से बढ़कर 140-150 रुपये किलो, मूंग 95 रुपये से 120 रुपये, चावल 42-45 रुपये से 53-55 रुपये और सरसों तेल 165 रुपये से 190 रुपये लीटर पहुंच गया है।

श्री रमेश ने कहा कि सरकार के आंकड़ों के अनुसार अगस्त में खाद्य महंगाई 5.95 प्रतिशत रही। प्याज 48.27 प्रतिशत, अदरक 73.82 प्रतिशत और लहसुन 43.60 प्रतिशत महंगा हुआ। दाल, मसाले, सब्जियां और तेल समेत जरूरी खाद्य वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी से आम परिवार प्रभावित है।

उन्होंने कहा कि सरकार के आंकड़े बताते हैं कि घरेलू बचत घट रही है और परिवारों पर कर्ज बढ़ रहा है। आम परिवार के सामने सवाल सिर्फ बढ़ते खर्च का नहीं, बल्कि घटती बचत और सीमित आमदनी में घर चलाने का भी है। कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार के लिए ये आंकड़े हो सकते हैं, लेकिन जनता के लिए यह हर महीने बिगड़ता हुआ घरेलू बजट है। उन्होंने सवाल किया कि कमरतोड़ महंगाई से देशवासियों को छुटकारा कब मिलेगा।

अभिनव अशोक वार्ता

समाचार विवरण:

कुल शब्द:
296
टाइप:
टेक्स्ट
यूआरएल स्लग:
कांग्रेस महंगाई मोदी सरकार
स्रोत:
UNI Varta
कैटेगरी
,
प्रकाशित तिथि
02/10/26 10:43
पिछला अपडेट
02/10/26 10:43
स्थान
India