नयी दिल्ली, 03 अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कर्नाटक में गंभीर सूखे की स्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर उनसे व्यक्तिगत और तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है।
श्री खरगे ने शनिवार को पत्र के जरिए प्रधानमंत्री को कर्नाटक में सूखे की स्थिति से अवगत कराया और कहा कि राज्य में सितंबर तक 58 प्रतिशत बारिश की कमी रही है तथा बड़े पैमाने पर फसलें प्रभावित हुई हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले उहोने गृह मंत्री अमित शाह को भी इस संदर्भ में पत्र लिखा था।
उन्होंने प्रधानमंत्री से कल्याण कर्नाटक क्षेत्र में केंद्रीय दल भेजकर सूखे से हुए नुकसान का तत्काल आकलन कराने, राज्य द्वारा राष्ट्रीय आपदा मोचन निधि (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) के तहत मांगी गई 3,705.30 करोड़ रुपये की पूरी सहायता जारी करने तथा छोटे और सीमांत किसानों को राहत देने के लिए अद्यतन भूमि अभिलेखों के आधार पर इनपुट सब्सिडी की गणना करने का अनुरोध किया।
उनका कहना था कि राज्य के वर्तमान में जमीनी सत्यापन की प्रक्रिया से गुजर रहे 11 अतिरिक्त तालुकों तथा अन्य पात्र तालुकों को एक ही जारी सूखा घटना के तहत केंद्रीय सहायता के लिए शामिल किया जाना चाहिए। श्री खरगे ने पेयजल सुरक्षा और वैकल्पिक बिजली की लागत के लिए बढ़ी सहायता देने तथा राज्य को देरी किये बिना त्वरित और उचित राहत देने का भी अनुरोध किया।
अभिनव.अभय वार्ता