नयी दिल्ली, 09 अक्टूबर (वार्ता) इंडिया गठबंधन के नेता शुक्रवार रात आठ बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के जरिए गड़बड़ियां करने और चुनाव आयोग के कामकाज से जुड़े मुद्दों पर अपनी चिंताएं रखेंगे।
सूत्रों के अनुसार, इंडिया गठबंधन के नेताओं ने 30 सितंबर को यहां हुई बैठक में राष्ट्रपति से मुलाकात कर इन मुद्दों पर उनके समक्ष अपनी बात रखने का निर्णय लिया था। गठबंधन के नेता एसआईआर की प्रक्रिया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कामकाज को लेकर अपनी चिंताओं से राष्ट्रपति को अवगत कराना चाहते हैं। इस संबंध में राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए पहली बार दो अक्टूबर को पत्र भेजकर समय मांगा गया था।
राष्ट्रपति भवन की ओर से प्रतिनिधिमंडल में शामिल होने वाले नेताओं के नाम मांगे जाने के बाद गठबंधन ने पांच अक्टूबर को दोबारा पत्र भेजा और सात, आठ या नौ अक्टूबर में से किसी दिन मुलाकात का समय देने का अनुरोध किया था। इंडिया गठबंधन के नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठाते हुए उनके इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इस मुद्दे पर गठबंधन के सांसदों ने प्रदर्शन और मार्च भी निकाले हैं।
कांग्रेस ने चुनाव आयोग के खिलाफ अपने विरोध को तेज करने के लिए करीब डेढ़ महीने तक चलने वाले आंदोलन का कार्यक्रम भी तय किया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को पुलिस प्रदर्शन के दौरान लगातार दो बार हिरासत में ले चुकी है।
अभिनव उप्रेती वार्ता