एक्सक्लूसिव ख़बरें और डेटा, जो मार्केट प्रोफेशनल्स को रखते हैं सबसे आगे। Friday, September 25, 2026

चुनाव आयोग अपनी बात मजबूती से रखे और जनता का विश्वास बनाए रखे: चिराग पासवान

चुनाव आयोग अपनी बात मजबूती से रखे और जनता का विश्वास बनाए रखे: चिराग पासवान

नयी दिल्ली, 25 सितंबर (वार्ता) केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सहयोगी चिराग पासवान ने शुक्रवार को कहा कि चुनाव आयोग, विशेष रूप से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को चुनावी प्रक्रिया पर विपक्ष के उठाए सवालों का मजबूती से जवाब देना चाहिए, ताकि चुनाव प्रणाली में जनता का विश्वास प्रभावित न हो।

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता श्री पासवान की यह टिप्पणी कांग्रेस नेता राहुल गांधी की उस संवाददाता सम्मेलन के बाद आई है, जिसमें श्री गांधी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मोदी सरकार की आलोचना और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की थी। श्री पासवान ने कहा, "अगर चुनाव आयोग पर इस तरह के सवाल उठाए जा रहे हैं, तो मेरा मानना है कि यह चुनाव आयोग और खास तौर पर मुख्य चुनाव आयुक्त की जिम्मेदारी है कि वे अपनी बात मजबूती से सामने रखें।"

उनके इस बयान के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के भीतर मतभेदों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, पासवान ने स्पष्ट किया कि विपक्ष का काम राजनीति करना है और उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन उन्होंने इस बात पर बल दिया कि चुनाव आयोग की यह जिम्मेदारी है कि वह चुनावी प्रक्रिया से जुड़ी आशंकाओं को दूर करे।

उन्होंने कहा, "चुनाव आयोग को लोगों का विश्वास बनाए रखना चाहिए, क्योंकि यदि चुनावी प्रक्रिया पर ही जनता के मन में संदेह पैदा होता है, तो वह गलत होगा।" उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि चुनाव आयुक्तों सर्वश्री सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने कथित तौर पर कई फैसलों पर अपनी आपत्तियां दर्ज कराई थीं।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चिराग पासवान का यह बयान भाजपा के साथ सीधा मतभेद नहीं है, बल्कि यह बिहार में अपनी राजनीतिक जमीन को सुरक्षित रखने और संतुलन बनाए रखने की एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है।

शोभित, मधुकांत वार्ता

समाचार विवरण:

कुल शब्द:
319
टाइप:
टेक्स्ट
यूआरएल स्लग:
चिराग पासवान चुनाव आयोग
स्रोत:
UNI Varta
कैटेगरी
,
प्रकाशित तिथि
25/09/26 14:08
पिछला अपडेट
25/09/26 14:08
स्थान
India