एक्सक्लूसिव ख़बरें और डेटा, जो मार्केट प्रोफेशनल्स को रखते हैं सबसे आगे। Saturday, October 10, 2026

जंतर-मंतर मार्च से पहले विजयन, बेबी और वृंदा करात समेत कई वरिष्ठ माकपा नेताओं को लिया हिरासत में

जंतर-मंतर मार्च से पहले विजयन, बेबी और वृंदा करात समेत कई वरिष्ठ माकपा नेताओं को लिया हिरासत में

नयी दिल्ली, 10 अक्टूबर (वार्ता) मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और चुनाव आयोग के मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के शीर्ष नेताओं समेत कई नेताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

हिरासत में लिए गए नेताओं में माकपा महासचिव एमए बेबी, पूर्व मुख्यमंत्री एवं केरलम विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पिनराई विजयन, केरलम पूर्व वित्त मंत्री केएन. बालगोपाल, राज्यसभा सांसद जॉन ब्रिटास, मणिकंतन वी. गोविंदान, श्रीमती, वृंदा करात, के के शैलजा और पी राजीव शामिल हैं। इसकी जानकारी माकपा के फेसबुक पेज और श्री विजयन के 'एक्स' पेज दी गयी है। श्रीमती करात ने फेसबुक पेज पर लिखा, "मोदी और उनकी सरकार को यह समझ लेना चाहिए कि भारत के लोग उठ खड़े हुए हैं और वे उन्हें रोक नहीं सकते। दिल्ली का दिल उसके सभी लोगों का है। ये दबाने वाले तरीके हमें नहीं रोक पाएंगे! चलो जंतर-मंतर की ओर!"

केरलम भवन से बाहर निकलते ही पुलिस ने वामपंथी नेताओं को जंतर-मंतर की ओर मार्च करने से रोक दिया और उन्हें हिरासत में ले लिया। शुरुआत में पुलिस ने श्री विजयन, श्री ब्रिटास और श्री केएन बालगोपाल को छोड़कर अन्य नेताओं को हिरासत में लिया था लेकिन जब ये तीनों नेता जंतर-मंतर की ओर बढ़ने लगे तो पुलिस के साथ उनकी तीखी बहस हुई और पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने के दौरान मीडिया से बात करते हुए श्री विजयन ने इस कार्रवाई को 'लोकतंत्र की हत्या' करार दिया। उन्होंने कहा कि नागरिकों से उनकी सरकार चुनने का अधिकार छीना जा रहा है और 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह काम मुख्य चुनाव आयुक्त ने सरकार के इशारे पर किया है और सरकार अब उन्हें बचाने के लिए गैर-कानूनी तरीके अपना रही है लेकिन यह विरोध आज खत्म नहीं होगा। श्री विजयन ने कहा कि भारत देश कोई पुलिस राज्य नहीं, बल्कि एक लोकतांत्रिक देश है और सत्ताधारी दल के मन में लोकतंत्र के प्रति कोई सम्मान न होने के कारण ऐसी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, सांसद जॉन ब्रिटास ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी दबाव के आगे नहीं झुकेंगे। गौरतलब है कि मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर होने वाले इस प्रदर्शन को देखते हुए पूरी दिल्ली में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली की सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है और सुरक्षा के मद्देनजर पैरामिलिट्री फोर्स की 221 कंपनियां तैनात की गई हैं। इसके अलावा 57 मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए हैं तथा जंतर-मंतर को किले में तब्दील कर दिया गया है। दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों से प्रदर्शन के लिए पहुंच रहे लोगों को पुलिस लगातार हिरासत में ले रही है।

आलम उप्रेती वार्ता

समाचार विवरण:

कुल शब्द:
466
टाइप:
टेक्स्ट
यूआरएल स्लग:
माकपा नेता हिरासत
स्रोत:
UNI Varta
कैटेगरी
,
प्रकाशित तिथि
10/10/26 07:18
पिछला अपडेट
10/10/26 07:18
स्थान
India