एक्सक्लूसिव ख़बरें और डेटा, जो मार्केट प्रोफेशनल्स को रखते हैं सबसे आगे। Thursday, October 29, 2026

फिक्की ने चुना सनमार ग्रुप के विजय शंकर को अध्यक्ष

फिक्की ने चुना सनमार ग्रुप के विजय शंकर को अध्यक्ष

मुंबई, 29 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय वाणिज्य एवं उद्योग महासंघ (फिक्की) की राष्ट्रीय कार्यकारी समिति ने सनमार ग्रुप के अध्यक्ष विजय शंकर को वर्ष 2026-27 के लिए संगठन का अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया है। यह जानकारी फिक्की की गुरुवार को जारी एक विज्ञप्ति में दी गयी है।

श्री शंकर वर्तमान में फिक्की के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हैं। वह 18-19 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाली देश के इस प्रतिष्ठित उद्योग मंडल की वार्षिक आम बैठक और वार्षिक सम्मेलन के समापन पर कार्यभार संभालेंगे। वह इस पद पर श्री अनंत गोयनका का स्थान लेंगे। अमेरिका की नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी के जे. एल. केलॉग ग्रेजुएट स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से व्यवसाय प्रशासन में स्नातकोत्तर श्री शंकर चार्टर्ड अकाउंटेंट भी हैं। सनमार ग्रुप एक अरब डॉलर का औद्योगिक समूह है। यह रसायन, विशिष्ट रसायन (स्पेशियलिटी केमिकल्स), इंजीनियरिंग, स्टील फाउंड्री और शिपिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार कर रहा है।

श्री शंकर टीवीएस मोटर कंपनी लिमिटेड और लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड के निदेशक मंडल में स्वतंत्र निदेशक भी हैं। इसके अतिरिक्त, वह केमप्लास्ट सनमार लिमिटेड के अध्यक्ष हैं। श्री शंकर तमिलनाडु टेनिस संघ (टीएनटीए) के उपाध्यक्ष भी हैं और परोपकारी गतिविधियों से भी जुड़े हुए हैं और बाल चिकित्सा, नेत्र चिकित्सा, ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं तथा समाज के वंचित वर्गों की देखभाल पर केंद्रित कई स्वास्थ्य संस्थानों के निदेशक मंडलों और शासी निकायों में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं। श्री शंकर चेन्नई में डेनमार्क के मानद महावाणिज्यदूत हैं। अपनी कांसुलर सेवाओं के सम्मान में उन्हें डेनमार्क के राजा द्वारा प्रतिष्ठित 'नाइट्स क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ डैनेब्रोग' से सम्मानित किया गया है। उन्हें लोयोला एलुमनाई एसोसिएशन का बिजनेस लीडर अवॉर्ड भी प्राप्त हुआ है।

मनोहर जितेन्द्र वार्ता

समाचार विवरण:

कुल शब्द:
270
टाइप:
टेक्स्ट
यूआरएल स्लग:
फिक्की निर्वाचित अध्यक्ष
स्रोत:
UNI Varta
कैटेगरी
,
प्रकाशित तिथि
29/10/26 14:40
पिछला अपडेट
29/10/26 14:40
स्थान
India