मुंबई, 24 सितंबर (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को शुरुआती कारोबार में रही बड़ी गिरावट के बीच नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनएसई) के शेयर ने सूचीबद्ध होते ही पांच प्रतिशत की छलांग लगाई।
एनएसई का शेयर आज बीएसई में सूचीबद्ध हुआ। यह 1,800 रुपये पर खुला और 1,878 रुपये तक पहुंच गया। इसका निर्गम मूल्य 1,785 रुपये प्रति शेयर था। फिलहाल यह निर्गम मूल्य से 75.70 रुपये (4.24 प्रतिशत) ऊपर 1,860.70 रुपये पर है। विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों के बीच सेंसेक्स 556 अंक लुढ़ककर 74,272 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 638.39 अंक (0.85 फीसदी) गिरकर 74,189.86 अंक पर रहा। बीच कारोबार में एक समय यह 770 अंक से ज्यादा टूटकर 74,054 अंक तक उतर गया था।
बैंकिंग,वित्त, धातु, एफएमसीजी, तेल एवं गैस और ऑटो सेक्टरों में बिकवाली ने बाजार पर ज्यादा दबाव बनाया। रियल्टी के साथ स्वास्थ्य, फार्मा और आईटी सेक्टरों में हल्की तेजी रही। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 225 अंक नीचे 23,221.80 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 208.90 अंक यानी 0.89 प्रतिशत नीचे 23,237.90 अंक पर था। वृहत बाजार में सभी सूचकांक गिरावट में हैं। सेंसेक्स की कंपनियों में बजाज फाइनेंस का शेयर चार प्रतिशत से अधिक नीचे है।
एक्सिस बैंक का शेयर भी चार प्रतिशत के करीब और बजाज फिनसर्व का तीन प्रतिशत टूट गया। इंडिगो, एचडीएफसी बैंक, एलएंडटी और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर भी एक प्रतिशत से ज्यादा नीचे हैं। टेक महिंद्रा, टाइटन, टीसीएस और एनटीपीसी के शेयर ऊपर चल रहे हैं।
अजीत जितेन्द्र वार्ता