एक्सक्लूसिव ख़बरें और डेटा, जो मार्केट प्रोफेशनल्स को रखते हैं सबसे आगे। Thursday, September 24, 2026

सेंसेक्स 1,248 अंक लुढ़का, निफ्टी-50 साढ़े पांच महीने के निचले स्तर पर

सेंसेक्स 1,248 अंक लुढ़का, निफ्टी-50 साढ़े पांच महीने के निचले स्तर पर

मुंबई, 24 सितंबर (वार्ता) चौतरफा बिकवाली के दबाव में घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को भारी गिरावट रही, हालांकि आज ही बाजार में सूचीबद्ध होने वाला नेशनल स्टॉक एक्सचेंज इंडिया लिमिटेड (एनएसई) का शेयर बढ़त में रहा।

बीएसई का सेंसेक्स 1,247.71 अंक (1.67 प्रतिशत) लुढ़ककर 73,580.54 अंक पर बंद हुआ। यह इस साल 08 जून के बाद का इसका निचला स्तर है। बीच कारोबार में एक समय यह 73,564 अंक तक उतर गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक कारोबार की समाप्ति पर 383.70 अंक यानी 1.64 प्रतिशत नीचे 23,063.10 अंक पर रहा। यह इस साल 06 अप्रैल के बाद का इसका निचला स्तर है।

बीएसई में एनएसई का शेयर आज 1,800 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ। इसका निर्गम मूल्य 1,785 रुपये था। एक समय यह 1,878 रुपये पर पहुंच गया था, लेकिन अंत में 1,818 रुपये पर बंद हुआ। बाजार में बिकवाली इस कदर हावी रही कि वृहत बाजार में और सेक्टर आधारित समूहों में सभी सूचकांक लाल निशान में रहे। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 2.57 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.53 प्रतिशत टूट गए। बाजार में उथल-पुथल को मापने वाला इंडिया वीआईएक्स सूचकांक 22.54 के ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। वित्त, बैंकिंग, धातु, ऑटो, एफएमसीजी, तेल एवं गैस, रियल्टी और रसायन समूहों के सूचकांक एक फीसदी से ज्यादा टूटे।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 29 के शेयर लाल निशान में रहे जबकि एनटीपीसी का शेयर स्थिर बंद हुआ। बजाज फाइनेंस में सबसे अधिक करीब साढ़े पांच प्रतिशत की गिरावट देखी गई। एक्सिस बैंक का शेयर साढ़े चार फीसदी और बजाज फिनसर्व का चार फीसदी से ज्यादा टूटा। इंडिगो, ट्रेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एशियन पेंट्स, भारती एयरटेल और एलएंडटी के शेयर दो से तीन प्रतिशत कमजोर हुए। कोटक महिंद्रा बैंक, इटरनल, मारुति सुजुकी, भारतीय स्टेट बैंक, अडानी पोर्ट्स, पावरग्रिड, टाटा स्टील, एचडीएफसी बैंक, टाइटन और बीईएल के शेयर एक से दो प्रतिशत लुढ़क गए। इंफोसिस, अल्ट्राटेक सीमेंट, हिंदुस्तान यूनीलिवर, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, आईटीसी, सन फार्मा, टेक महिंद्रा, टीसीएस और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर भी नीचे रहे।

अजीत जितेन्द्र वार्ता

समाचार विवरण:

कुल शब्द:
330
टाइप:
टेक्स्ट
यूआरएल स्लग:
शेयर बाजार बंद
स्रोत:
UNI Varta
कैटेगरी
,
प्रकाशित तिथि
24/09/26 10:56
पिछला अपडेट
24/09/26 10:56
स्थान
India