एक्सक्लूसिव ख़बरें और डेटा, जो मार्केट प्रोफेशनल्स को रखते हैं सबसे आगे। Thursday, October 1, 2026

शेयर बाजार लगातार चौथे दिन टूटे, सेंसेक्स डेढ़ साल के निचले स्तर पर

शेयर बाजार लगातार चौथे दिन टूटे, सेंसेक्स डेढ़ साल के निचले स्तर पर

मुंबई, 01 अक्टूबर (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को लगातार चौथे दिन गिरावट रही और बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स डेढ़ साल के निचले स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स में शुरुआती कारोबार में उतार-चढ़ाव देखा गया।

दोपहर बाद बाजार में बिकवाली तेज होने से यह 570.59 अंक (0.79 प्रतिशत) टूटकर 71,909.70 अंक पर बंद हुआ। यह 07 अप्रैल 2025 के बाद का इसका निचला स्तर है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक 198.50 अंक यानी 0.88 प्रतिशत उतरकर 22,421.95 अंक पर रहा। यह इसका 30 मार्च 2026 के बाद का निचला स्तर है। कारोबारियों ने बताया कि रिजर्व बैंक की अक्टूबर की मौद्रिक नीति समीक्षा में रेपो दर में वृद्धि की आशंका से शेयर बाजारों में निवेश धारणा कमजोर बनी हुई है।

इसका असर वृहत बाजार में भी देखने को मिला। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.11 प्रतिशत और समॉलकैप-100 सूचकांक 0.97 प्रतिशत लुढ़क गया। निफ्टी आईटी को छोड़कर सेक्टर आधारित अन्य सभी सूचकांक लाल निशान में रहे। निफ्टी ऑटो 3.46 प्रतिशत की गिरावट में रहा। धातु में 2.35 प्रतिशत, मीडिया में 2.33, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद में 1.91, एफएमसीजी में 1.61, रसायन में 1.48, रियल्टी में 1.46 और तेल एवं गैस समूह में 1.32 प्रतिशत की गिरावट रही। एनएसई में कुल 3,707 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें से 2,572 के शेयर लाल निशान में और 1,022 के हरे निशान में रहे।

अन्य 113 कंपनियों के शेयर अपरिवर्तित बंद हुए। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 24 के शेयरों में गिरावट रही। मारुति सुजुकी का शेयर 4.59 प्रतिशत लुढ़क गया। महिंद्रा एंड महिंद्रा में 3.27 फीसदी और टाटा स्टील में 3.01 फीसदी की गिरावट रही। अडानी पोर्ट्स का शेयर 2.69 प्रतिशत, आईटीसी का 2.56 प्रतिशत, पावरग्रिड का 2.23 प्रतिशत और हिंदुस्तान यूनीलिवर का 2.17 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। इटरनल 1.86 प्रतिशत, एलएंडटी का 1.85, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 1.81, एनटीपीसी का 1.65, बीईएल का 1.63, अल्ट्राटेक सीमेंट का 1.60 , आईसीआईसीआई बैंक का 1.29, बजाज फाइनेंस का 1.24, टाइटन का 1.20, इंडिगो का 1.18 और एक्सिस बैंक, भारती एयरटेल तथा ट्रेंट तीनों के शेयर 0.98 प्रतिशत गिर गए।

भारतीय स्टेट बैंक और सन फार्मा के शेयर भी नीचे बंद हुए। इंफोसिस का शेयर सबसे अधिक 4.02 प्रतिशत चढ़ा। टीसीएस का शेयर 1.43 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजीज का 1.38 प्रतिशत और एचडीएफसी बैंक का 1.36 प्रतिशत टूट गया। कोटक महिंद्रा बैंक और टेक महिंद्रा के शेयर भी हरे निशान में रहे। वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 3.30 प्रतिशत, हांगकांग का हैंग सेंग 0.37 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.31 प्रतिशत की बढ़त में बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में ब्रिटेन का एफटीएसई 0.80 प्रतिशत नीचे था जबकि जर्मनी के डैक्स में 0.04 प्रतिशत की तेजी रही।

अजीत, मधुकांत वार्ता

समाचार विवरण:

कुल शब्द:
446
टाइप:
टेक्स्ट
यूआरएल स्लग:
शेयर बाजार लीड बंद
स्रोत:
UNI Varta
कैटेगरी
,
प्रकाशित तिथि
01/10/26 12:51
पिछला अपडेट
01/10/26 12:51
स्थान
India