एक्सक्लूसिव ख़बरें और डेटा, जो मार्केट प्रोफेशनल्स को रखते हैं सबसे आगे। Thursday, October 8, 2026

नाना पाटेकर को पूरे राजकीय सम्मान के साथ विदाई दी जाएगी: फडणवीस

नाना पाटेकर को पूरे राजकीय सम्मान के साथ विदाई दी जाएगी: फडणवीस

मुंबई, 08 अक्टूबर (वार्ता) महाराष्ट्र सरकार ने कहा है कि दिवंगत अभिनेता नाना पाटेकर का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। श्री पाटेकर के साथ अपने करीबी संबंधों को याद करते हुए श्री फडणवीस कहा कि वे असल ज़िंदगी में भी उतने ही बड़े दिल वाले इंसान थे, जितने बड़े कलाकार वे पर्दे पर थे। श्री फडणवीस ने सोशल मीडिया पर कहा कि श्री पाटेकर ने 'क्रांतिवीर' और 'नटसम्राट' जैसी फिल्मों के ज़रिए मराठी और हिंदी सिनेमा में अमूल्य योगदान दिया। उन्होंने अभिनेता के बेबाक और निडर व्यक्तित्व को भी याद किया और कहा कि मुख्यमंत्री के तौर पर अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने श्री पाटेकर के संवेदनशील पक्ष को भी देखा था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री पाटेकर ने 'जलयुक्त शिवार अभियान' को अपना समर्थन दिया था और अभिनेता मकरंद अनासपुरे के साथ मिलकर किसानों और सूखे से प्रभावित लोगों की मदद के लिए 'नाम फाउंडेशन' की स्थापना की थी। श्री फडणवीस ने कहा कि श्री पाटेकर ने ज़मीनी स्तर पर काम किया और राहत कार्यों में, खासकर सूखे की स्थिति के दौरान हमेशा सबसे आगे रहे। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए श्री पाटेकर को महाराष्ट्र का गौरव और सच्चा 'नटसम्राट' बताया। श्री शिंदे ने हाल ही में गणेश उत्सव के दौरान अभिनेता के साथ हुई अपनी मुलाकातों और ज़मीनी स्तर पर साथ मिलकर किए गए कामों को याद किया।

उन्होंने कहा कि वे अभिनेता को सच्ची श्रद्धांजलि के तौर पर कश्मीर में बच्चों के लिए एक स्कूल खोलने का श्री पाटेकर का आखिरी सपना पूरा करने की कोशिश करेंगे। पुणे में मौजूद उनके बेटे मल्हार पाटेकर खबर मिलने के बाद गोवा के लिए रवाना हो गए। खबरों के मुताबिक श्री पाटेकर आखिरी बार चार दिन पहले डोना पाउला में 'सम्राट क्लब इंटरनेशनल' के एक कार्यक्रम में सार्वजनिक रूप से देखे गए थे। गोवा में परिवार के सदस्यों के आने और पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अंतिम संस्कार के बारे में फैसला लिए जाने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि अभिनेता नाना पाटेकर (75) का गुरुवार को गोवा के डोना पाउला स्थित उनके आवास पर दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। इस खबर के बाद मराठी और हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई।

श्री पाटेकर अपने डोना पाउला आवास पर बेहोश पाए गए और उन्हें सुबह करीब 4:30 बजे गोवा के मणिपाल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में ऑन्कोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. शेखर सालकर के अनुसार डॉक्टरों ने लगभग 45 मिनट तक लगातार कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) की कोशिश की लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

महाराष्ट्र के मुरुड-जंजीरा में एक जनवरी 1951 को जन्मे विश्वनाथ पाटेकर ने 1978 में 'गमन' फिल्म से अभिनय की दुनिया में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने मराठी और हिंदी सिनेमा में खुद को एक अहम अभिनेता के तौर पर स्थापित किया। 'प्रहार', 'परिंदा', 'क्रांतिवीर', 'अब तक छप्पन', 'वेलकम' और 'नटसम्राट' जैसी फिल्मों में उनके अभिनय ने उन्हें काफी पहचान दिलाई। उन्हें 'परिंदा' के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता और 'क्रांतिवीर' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म अवॉर्ड मिला। उन्हें 2013 में पद्म श्री से भी सम्मानित किया गया था। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और अन्य राजनीतिक नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।

पंकज जितेन्द्र वार्ता

समाचार विवरण:

कुल शब्द:
565
टाइप:
टेक्स्ट
यूआरएल स्लग:
नाना पाटेकर शोक फडणवीस
स्रोत:
UNI Varta
कैटेगरी
,
प्रकाशित तिथि
08/10/26 06:46
पिछला अपडेट
08/10/26 06:46
स्थान
India