इस्लामाबाद, 18 सितंबर (वार्ता) पाकिस्तान में खैबर पख्तूनख्वा के कोहाट में शुक्रवार की नमाज के दौरान एक मस्जिद में हुए कार बम विस्फोट में 15 से अधिक लोगों की मौत हो गयी और 50 से अधिक लोग घायल हो गये।
अफगानिस्तान के टोलोन्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, खैबर पख्तूनख्वा के पुलिस प्रमुख जुल्फिकार हामिद ने बताया कि विस्फोटकों से भरा एक वाहन मस्जिद की दीवार से टकराने के बाद फट गया। उन्होंने कहा कि विस्फोट के बाद गोलीबारी की खबरें भी मिलीं।
तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) ने हमले में शामिल होने से इनकार किया है। विस्फोट से मस्जिद के बाहर गड्ढा हो गया, इमारत के बाहरी हिस्से को नुकसान पहुंचा और एक दीवार ढह गयी।
पुलिस ने बताया कि हमलावर ने वाहन को परिसर की बाहरी दीवार से टकरा दिया। घटना के समय मस्जिद में पुलिसकर्मी, उनके परिवार के सदस्य और अन्य नागरिक नमाज पढ़ रहे थे। यह मस्जिद पुलिस कार्यालयों के पास स्थित है।
संतोष, मधुकांत वार्ता