एक्सक्लूसिव ख़बरें और डेटा, जो मार्केट प्रोफेशनल्स को रखते हैं सबसे आगे। Monday, September 28, 2026

कच्चे तेल में तेजी से डेढ़ फीसदी लुढ़के सेंसेक्स-निफ्टी 50, छह महीने के निचले स्तर पर

कच्चे तेल में तेजी से डेढ़ फीसदी लुढ़के सेंसेक्स-निफ्टी 50, छह महीने के निचले स्तर पर

मुंबई, 28 सितंबर (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल में रही तेजी से घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को बड़ी गिरावट देखी गई और प्रमुख सूचकांक डेढ़ फीसदी से ज्यादा टूटकर करीब छह महीने के निचले स्तर पर आ गए।

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 161 अंक टूटकर 73,734.83 अंक पर खुला और पूरे दिन लाल निशान में रहा। खुलने की कुछ देर बाद ही यह एक हजार अंक से अधिक उतर चुका था। अंत में 1,124.02 अंक (1.52 प्रतिशत) नीचे 72,771.72 अंक पर बंद हुआ। यह इस साल 30 मार्च के बाद का इसका निचला स्तर है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 360.25 अंक यानी 1.56 प्रतिशत गिरकर कारोबार की समाप्ति पर 22,780.25 अंक पर रहा। यह गत 02 अप्रैल के बाद इसका सबसे कम बंद स्तर है।

कच्चे तेल में तेजी से शेयर बाजारों पर दबाव रहा। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा फिलहाल पौने चार प्रतिशत चढ़कर 108 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है। इससे रुपया गिरावट में है और घरेलू शेयर बाजारों में निवेश धारणा कमजोर हुई है। चौतरफा बिकवाली के बीच निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.52 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.85 प्रतिशत की गिरावट में रहा। सेक्टर आधारित सूचकांकों में निफ्टी रियल्टी 2.12 प्रतिशत टूट गया। बैंकिंग, वित्त, ऑटो, एफएमसीजी, धातु, तेल एवं गैस, स्वास्थ्य और रसायन समूहों के सूचकांक एक से दो प्रतिशत के बीच फिसल गए। निफ्टी आईटी सबसे कम 0.26 फीसदी उतर गया।

एनएसई में जिन 3,676 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, उनमें से 2,716 के शेयर गिरावट में और 869 के बढ़त में रहे। अन्य 91 कंपनियों के शेयर अंतत अपरिवर्तित रहे। सेंसेक्स में इंफोसिस को छोड़कर अन्य सभी 29 कंपनियां लाल निशान में रहीं। एलएंडटी का शेयर 2.81 प्रतिशत, पावरग्रिड का 2.62, अडानी पोर्ट्स का 2.38, एचडीएफसी बैंक का 2.30, हिंदुस्तान यूनीलिवर का 2.27, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 2.24 और भारतीय स्टेट बैंक का 2.10 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। आईसीआईसीआई बैंक का शेयर 1.90 फीसदी, बीईएल का 1.78, ट्रेंट का 1.71, एनटीपीसी का 1.59, आईटीसी का 1.45, इंडिगो का 1.41, टाइटन का 1.31, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 1.22, एशियन पेंट्स का 1.21, इटरनल का 1.12, बजाज फिनसर्व का 1.07 और बजाज फाइनेंस का 1.01 प्रतिशत टूट गया।

टाटा स्टील, भारती एयरटेल, एक्सिस बैंक, सन फार्मा, अल्ट्राटेक सीमेंट, टीसीएस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर भी नुकसान में रहे। वैश्विक स्तर पर एशिया में चीन का शंघाई कंपोजिट 1.67 प्रतिशत और जापान का निक्केई 0.73 प्रतिशत गिर गया। हांगकांग का हैंग सेंग 0.54 फीसदी की बढ़त में रहा। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में ब्रिटेन का एफटीएसई 0.36 प्रतिशत ऊपर था जबकि जर्मनी के डैक्स में टिकाव रहा।

अजीत जितेन्द्र वार्ता

समाचार विवरण:

कुल शब्द:
438
टाइप:
टेक्स्ट
यूआरएल स्लग:
शेयर बाजार लीड बंद
स्रोत:
UNI Varta
कैटेगरी
,
प्रकाशित तिथि
28/09/26 12:31
पिछला अपडेट
28/09/26 12:31
स्थान
India