सेंसेक्स करीब 700 अंक उछला, आईटी कंपनियों में जबरदस्त लिवाली

मुंबई, 13 अक्टूबर (वार्ता) आईटी कंपनियों में लिवाली और डॉलर के मुकाबले रुपये में इस सप्ताह जारी मजबूती के दम पर शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजारों में तेजी देखी गई और बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स करीब 700 अंक तक चढ़ गया।
सेंसेक्स 27 अंक की बढ़त के साथ 71,951.73 अंक पर खुला। खुलते ही यह लाल निशान में गया, लेकिन तुरंत वापसी करते हुए करीब 700 अंक ऊपर 72,620.91 अंक तक पहुंच गया। खबर लिखे जाते समय यह 482.16 अंक (0.67 प्रतिशत) चढ़कर 72,406.84 अंक पर रहा। आईटी कंपनियों ने इस तेजी की अगुवाई की। सेंसेक्स में एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर इस समय छह फीसदी ऊपर है।
अच्छे तिमाही परिणामों और लाभांश की घोषणा से यह तेजी देखी गई। सोमवार को कंपनी ने तिमाही परिणामों की घोषणा की थी। इसी क्षेत्र की अन्य कंपनियों में टीसीएस का शेयर साढ़े पांच प्रतिशत, टेक महिंद्रा का साढ़े तीन प्रतिशत और इंफोसिस का ढाई प्रतिशत की बढ़त में है। बजाज फाइनेंस, ट्रेंट, हिंदुस्तान यूनीलिवर, एचडीएफसी बैंक और आईटीसी के शेयर भी एक प्रतिशत से अधिक की बढ़त में रहे। मारुति सुजुकी में फिलहाल एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट है।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 22,364 अंक पर सपाट खुला। खबर लिखे जाते समय यह 157.70 अंक यानी 0.71 प्रतिशत ऊपर 22,521.05 अंक पर था। रुपये में इस सप्ताह लगातार दूसरे दिन बड़ी तेजी देखी जा रही है। इससे भी शेयर बाजारों में निवेश धारणा मजबूत हुई है। वृहत बाजार में अभी मिश्रित रुख है। निफ्टी मिडकैप-50 और स्मॉलकैप-100 सूचकांक लाल निशान में हैं। सेक्टर आधारित सूचकांकों में निफ्टी आईटी तीन फीसदी ऊपर है। वित्त, बैंकिंग, एफएमसीजी, धातु, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रियल्टी समूहों के सूचकांकों में भी तेजी बनी हुई है। मीडिया, फार्मा, स्वास्थ्य और रसायन सेक्टरों में बिकवाली का जोर है।
अजीत उप्रेती वार्ता

