भोपाल, 18 अक्टूबर (वार्ता) प्रणामी सम्प्रदाय के जाने माने विद्वान पंडित श्याम बिहारी दुबे की स्मृति में रविवार को यहां श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर समिति की ओर से श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गयी जिसमें उनके व्यक्तित्व और समाज में उनके योगदान को याद किया गया।
स्वर्गीय श्री श्याम बिहारी शर्मा ने प्रणामी संप्रदाय को पूरी दुनिया में बढ़ाने के लिए सर्वोत्तम कार्य किया है उन्होंने धर्म का प्रचार प्रसार तो किया ही कई पुस्तके भी लिखीं जिनमें दिल्ली के हरआनंद पब्लिकेशन से प्रकाशित पुस्तक सच्चिदानंद सिद्धार्थ, बुंदेला इतिहास एवं महाराजा छत्रसाल परमहंस प्रमुख हैं। बनारस की ब्राह्मण सभा ने उन्हें निजानंदाचार्य की उपाधि से सम्मानित किया था।
समिति के मंदिर परिसर में आयोजित इस सभा में प्रणामी सम्प्रदाय और समाज के लोगों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किये और शोकसंतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। पंडित दुबे मध्य प्रदेश के पन्ना के निवासी थे और उनका 15 अक्टूबर को दिल्ली में निधन हुआ जहां वह अपने पुत्र और वरिष्ठ पत्रकार मेहराज दुबे के साथ रह रहे थे।
श्रद्धांजलि सभा में मंदिर के महंत पंडित रुपराज शर्मा, पुजारी अमरनाथ, सचिव ममलेश शर्मा, रजनीश त्रिपाठी, डॉ. विनीत शर्मा, डॉ. लालिमा शर्मा, डॉ. कामनी शर्मा, भारतीय स्टेट बैंक के प्रबंधक दीपक तिवारी और पन्नालाल द्विवेदी सहित समाज के अनेक प्रतिष्ठित लोग उपस्थित थे।
इस अवसर प्रभु से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति और धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की गई। कार्यक्रम का समापन गौरी आरती के साथ हुआ। श्रद्धांजलि सभा में पत्रकार श्री मेहराज दुबे ने अपने पिता के संस्मरण सुनाते हुए उनकी आत्म-शांति के लिए प्रार्थना करने आये समाज के लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
दिनेश, मनोहर , जांगिड़ वार्ता