एक्सक्लूसिव ख़बरें और डेटा, जो मार्केट प्रोफेशनल्स को रखते हैं सबसे आगे। Friday, September 18, 2026

गुजरात में शिंदे-शाह की मुलाकात ने महाराष्ट्र में राजनीतिक चर्चाएं बढ़ायीं

गुजरात में शिंदे-शाह की मुलाकात ने महाराष्ट्र में राजनीतिक चर्चाएं बढ़ायीं

मुंबई, 18 सितंबर (वार्ता) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बीच गुरुवार को गुजरात में हुई एक बैठक ने राज्य के राजनीतिक गलियारों में नयी अटकलों को जन्म दे दिया है। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है, जब उच्चतम न्यायालय शिवसेना के नाम और चुनाव चिह्न के विवाद पर सुनवाई कर रहा है।

श्री शिंदे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए 17 सितंबर को गुजरात में थे। सूत्रों के अनुसार, श्री शिंदे और श्री शाह के बीच करीब 30 मिनट तक बैठक चली। इसमें हुई चर्चा के ब्योरे का खुलासा नहीं किया गया है। यह बैठक इसलिए भी अहम मानी जा रही है, क्योंकि उच्चतम न्यायालय इस समय शिवसेना विवाद से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा है।

हाल में हुई सुनवाई के दौरान अदालत ने एकनाथ शिंदे गुट को असली शिवसेना के रूप में मान्यता देने और उसे पार्टी का नाम व 'धनुष-बाण' चिह्न आवंटित करने के चुनाव आयोग के फैसले के पहलुओं पर सवाल उठाये थे। मामले की अगली सुनवाई 22 सितंबर को तय की गयी है। सूत्रों का दावा है कि श्री शिंदे और श्री शाह की बातचीत में शिवसेना के नाम और चिह्न से जुड़ा मामला प्रमुखता से उठा। उन्होंने यह भी दावा किया कि दिशा सालियान मामले पर भी चर्चा हुई। वैसे बैठक में किन मुद्दों पर बात हुई, इसे लेकर दोनों में से किसी भी नेता की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है। एशियाटिक सोसाइटी के एक कार्यक्रम में श्री शाह और श्री शिंदे को एक ही गाड़ी में सवार होकर जाते देखे जाने के बाद राजनीतिक हलचल और तेज हो गयी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए, लेकिन वे अलग गाड़ी से पहुंचे थे।

आगमन की इस अलग-अलग व्यवस्था ने महाराष्ट्र के राजनीतिक हलकों में खासी चर्चा छेड़ दी है। यह नवीनतम मुलाकात श्री शिंदे और भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के बीच बढ़ती मुलाकातों की पृष्ठभूमि में भी हुई है। शिवसेना के नाम और चिह्न को लेकर उच्चतम न्यायालय में चल रही कार्यवाही के बीच श्री शिंदे इससे पहले भी नयी दिल्ली में श्री मोदी और श्री शाह से मुलाकात कर चुके थे। इस बीच, केंद्रीय मंत्रिपरिषद के संभावित विस्तार को लेकर भी अटकलों का बाजार गर्म है। हाल के दिनों में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों के बार-बार नयी दिल्ली दौरों ने इन राजनीतिक चर्चाओं को और हवा दे दी है।

अपने हाल के दिल्ली दौरे के दौरान श्री शिंदे की श्री शाह के साथ बैठक पहले ही मीडिया और राजनीतिक विश्लेषकों का ध्यान खींच चुकी थी। इसलिए गुजरात में हुई इस ताजा मुलाकात पर पैनी नजर रखी जा रही है, ताकि शिवसेना विवाद, राज्य के राजनीतिक समीकरणों और राष्ट्रीय स्तर पर होने वाले संभावित बदलावों के संकेतों को समझा जा सके।

आलम, मधुकांत वार्ता

समाचार विवरण:

कुल शब्द:
465
टाइप:
टेक्स्ट
यूआरएल स्लग:
महाराष्ट्र शिंदे शाह मुलाकात
स्रोत:
UNI Varta
कैटेगरी
,
प्रकाशित तिथि
18/09/26 11:56
पिछला अपडेट
18/09/26 11:56
स्थान
India