एक्सक्लूसिव ख़बरें और डेटा, जो मार्केट प्रोफेशनल्स को रखते हैं सबसे आगे। Wednesday, October 7, 2026

चुनाव आयोग के खिलाफ इंडिया गठबंधन का लगातार दूसरे दिन प्रदर्शन, राहुल, प्रियंका हिरासत में लिये जाने के बाद रिहा

चुनाव आयोग के खिलाफ इंडिया गठबंधन का लगातार दूसरे दिन प्रदर्शन, राहुल, प्रियंका हिरासत में लिये जाने के बाद रिहा

नयी दिल्ली, 07 अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस तथा इंडिया गठबंधन के अन्य दलों के नेताओं ने लगातार दूसरे दिन बुधवार को यहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और इस दौरान पुलिस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा तथा कुछ अन्य नेताओं के हिरासत में ले लिया। बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।

श्री गांधी और गठबंधन के कुछ अन्य नेताओं को मंगलवार को भी हिरासत में लिया गया था। गठबंधन के नेता आज प्रदर्शन के लिए बस में सवार होकर जंतर-मंतर जा रहे थे लेकिन पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें पहले ही रोक दिया, जिसके बाद वे वहीं सड़क पर ही धरने पर बैठ गये। पुलिस ने कुछ देर बाद श्री गांधी तथा श्रीमती वाड्रा तथा अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया।

श्री गांधी को पुलिस बाराखंभा रोड थाने ले गयी जहां से थोड़ी देर बाद उन्हें रिहा कर दिया गया। मंगलवार को दोनों नेताओं को किंग्सवे कैंप पुलिस थाने में हिरासत में रखने के बाद देर रात रिहा किया गया था।

प्रदर्शन में आज भी इंडिया गठबंधन के कई दलों के सांसद शामिल हुए। मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पहुंचने से पहले रोके जाने के बाद सांसदों ने वहीं पर धरना दिया। पुलिस श्री गांधी और श्रीमती वाड्रा को धरना स्थल से जबरन उठाकर ले गई। श्रीमती वाड्रा ने पहले हटने से इनकार किया और वह जमीन पर लेट गयीं। बाद में पुलिसकर्मी उन्हें जबरन उठाकर बाराखंभा रोड पुलिस थाने ले गये। हिरासत में लिये जाने के बाद श्री गांधी ने कहा, "ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा देने तक प्रदर्शन नहीं रुकेगा। हम तब तक प्रदर्शन नहीं रोकेंगे, जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते। यह देश की सबसे पवित्र चीज की रक्षा की लड़ाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह जो कुछ कर सकते हैं, करें, लेकिन वे हमें रोक नहीं सकते। हम विरोध प्रदर्शन करते रहेंगे।"

उन्होंने कहा कि यह लड़ाई संविधान और जनता की आवाज की रक्षा के लिए है तथा इसके लिए जिम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाया जायेगा। उन्होंने कहा, "जुल्मी जब-जब जुल्म करेगा, सत्ता के गलियारों से चप्पा-चप्पा गूंज उठेगा इंकलाब के नारों से।"

श्रीमती वाड्रा ने कहा, "निर्वाचन आयोग से मिलने की मांग कर रहे सांसदों के साथ पुलिस ने मारपीट की। महिला पुलिसकर्मियों ने मुझे जमीन पर गिराया है और मुझे कई जगह खरोंचें आयी हैं। कुछ भी हो जाए, हम पीछे नहीं हटेंगे। जनता के हक के लिए लड़ते रहेंगे।" पुलिस द्वारा जबरन उठाए जाने पर श्रीमती वाड्रा ने कहा, "ये कोई तरीका नहीं है। देश देख रहा है... क्या हो रहा है।"

उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल उनके बारे में नहीं, बल्कि लोकतंत्र के भविष्य के बारे में है। श्री गांधी और श्रीमती वाड्रा को हिरासत में लिये जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "चाहे कितने भी केस करने दो, कितना भी डराने दो, हम डरने वाले नहीं हैं, हंसते रहेंगे और आगे बढ़ते रहेंगे।"

एसआईआर के विरोध में पिछले दो दिन से चल रहे धरना-प्रदर्शन के दौरान श्री गांधी और श्रीमती वाड्रा को दूसरी बार हिरासत में लिया गया। मंगलवार को विपक्षी सांसदों ने संसद भवन से निर्वाचन सदन तक 'लोकतंत्र बचाओ मार्च' निकाला था। पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद दोनों नेता आकाशवाणी भवन परिसर में धरने पर बैठ गये थे और निर्वाचन आयोग से मिलने की मांग कर रहे थे। दिनभर चले प्रदर्शन के बाद दोनों को देर शाम हिरासत में लेकर किंग्सवे कैंप भेजा गया था, जहां देर रात उन्हें रिहा कर दिया गया।

विपक्षी दलों के सांसद बुधवार दोपहर के भोजन पर एकत्रित हुए और वहां से श्री गांधी के साथ जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन के लिए रवाना हुए, लेकिन पुलिस ने उन्हें जंतर-मंतर से पहले ही रोक दिया। प्रदर्शन में विभिन्न विपक्षी दलों के सांसद मौजूद थे। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि कई सांसदों को भी हिरासत में लिया गया और उनके साथ बदसलूकी की गयी। प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस तथा पार्टी की छात्र इकाई एनएसयूआई के कई कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने जंतर-मंतर से हिरासत में लिया। प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और निर्वाचन आयोग से मिलने की मांग को लेकर नारेबाजी कर रहे थे।

अभिनव, मधुकांत वार्ता

समाचार विवरण:

कुल शब्द:
696
टाइप:
टेक्स्ट
यूआरएल स्लग:
राहुल प्रियंका लीड हिरासत
स्रोत:
UNI Varta
कैटेगरी
,
प्रकाशित तिथि
07/10/26 14:53
पिछला अपडेट
07/10/26 14:53
स्थान
India